कार्तिक पूर्णिमा: अजगैबीनाथ धाम में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, लाखों ने लगाई डुबकी

सुल्तानगंज के अजगैबीनाथ धाम में कार्तिक पूर्णिमा पर लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान और दीपदान किया। प्रशासन की रही कड़ी सुरक्षा।

Puja Singh24 November 20261 min read0 viewsCity Local
कार्तिक पूर्णिमा: अजगैबीनाथ धाम में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, लाखों ने लगाई डुबकी

सुल्तानगंज स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा अजगैबीनाथ धाम में कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली के मौके पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। उत्तरवाहिनी गंगा के तट पर बिहार, झारखंड और नेपाल से आए लाखों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने पवित्र गंगा में डुबकी लगाकर और विधि-विधान से दीपदान कर अपनी मनोकामनाएं मांगी।

श्रद्धालुओं का आना सोमवार रात से ही शुरू हो गया था, लेकिन मंगलवार को ब्रह्म मुहूर्त से ही नमामि गंगे घाट और सीढ़ी घाट पर भक्तों का तांता लग गया। पवित्र स्नान के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने बाबा अजगैबीनाथ मंदिर में जलाभिषेक किया। पूरा माहौल 'हर-हर महादेव' और 'हर-हर गंगे' के जयकारों से गूंज उठा।

धार्मिक महत्व और मान्यताएं

मंदिर के महंत प्रेमानंद गिरि ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली के रूप में मनाया जाता है। ऐसी मान्यता है कि इस दिन उत्तरवाहिनी गंगा में स्नान, दान और दीपदान करने से पूरे कार्तिक मास के स्नान के समान पुण्य मिलता है और पापों का नाश होता है। वहीं, पुरोहित लाल मोरिया पांडा के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु ने मत्स्य अवतार लिया था। भगवान शिव और विष्णु की संयुक्त आराधना से मनोकामनाएं पूरी होती हैं और दीपदान से पितरों को शांति मिलती है।

लाखों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भागलपुर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा। किसी भी हादसे को रोकने के लिए घाटों पर बैरिकेडिंग की गई थी और गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए एसडीआरएफ (SDRF) व गोताखोरों की टीम तैनात रही। साथ ही, मेला क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई थी।

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment