खुशखबरी: आनंद विहार से भागलपुर के लिए स्पेशल ट्रेन

दीपावली और छठ पूजा के त्योहार पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे ने आनंद विहार (दिल्ली) और भागलपुर (बिहार) के बीच एक नई स्पेशल ट्रेन सेवा शुरू करने का ऐलान किया है। नियमित ट्रेनें पूरी तरह से फुल होने के कारण, यह पहल यात्रियों को उनके घर पहुंचने में मदद करने के लिए की गई है। इस ट्रेन में कुल 20 कोच होंगे, जिसमें एक सेकंड एसी कोच, दो थर्ड एसी कोच, नौ स्लीपर क्लास कोच, छह सामान्य श्रेणी (जनरल) कोच और दो एसएलआर क्लास कोच शामिल होंगे। यह ट्रेन 10 अक्टूबर से 26 नवंबर तक रोजाना चलेगी और दोनों दिशाओं में 47 फेरे पूरा करेगी। यह ट्रेन गोविंदपुरी (कानपुर), सूबेदारगंज (प्रयागराज), पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, सासाराम, गया और किउल रूट से गुजरेगी। दोनों दिशाओं में इसके निर्धारित ठहराव चिपियाना बुजुर्ग, अलीगढ़, टूंडला, गोविंदपुरी (कानपुर), सूबेदारगंज (प्रयागराज), न्यू वेस्ट केबिन, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी ऑन सोन, अनुग्रह नारायण रोड, गया, तिलैया, नवादा, वारिसलीगंज, शेखपुरा, किउल, अभयपुर, जमालपुर और सुल्तानगंज होंगे।