छठ पूजा की भीड़: आनंद विहार से भागलपुर के लिए स्पेशल ट्रेन चलेगी
छठ पूजा के बाद यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने आनंद विहार से भागलपुर के लिए स्पेशल ट्रेन 04478 चलाई है। जानें पूरा रूट और समय।

छठ पूजा के बाद अपने घर लौटने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने एक बड़ा कदम उठाया है। यात्रियों की सुविधा के लिए आनंद विहार से भागलपुर स्पेशल ट्रेन (ट्रेन संख्या 04478) चलाने का फैसला लिया गया है। यह ट्रेन मंगलवार, 10 नवंबर 2026 को दोपहर 1:45 बजे आनंद विहार टर्मिनल से रवाना होगी, ताकि त्योहार के बाद घर जाने वालों को मुश्किलों का सामना न करना पड़े।
यह विशेष ट्रेन उसी रूट पर चलेगी जिस पर आमतौर पर विक्रमशिला एक्सप्रेस (12368) चलती है। रास्ते में यह गाजियाबाद, अलीगढ़, टूंडला, कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज जंक्शन और पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन (DDU) जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। बिहार में प्रवेश करने के बाद यह ट्रेन बक्सर, आरा, पटना जंक्शन, पटना साहिब, फतुहा, बख्तियारपुर, बरह, मोकामा, हथिदाह जंक्शन, लखीसराय जंक्शन, किऊल, जमालपुर और सुल्तानगंज होते हुए अपने गंतव्य भागलपुर पहुंचेगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे के खास इंतजाम
नॉर्दर्न रेलवे के CPRO हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ को मैनेज करने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। यात्रियों के ठहरने के लिए होल्डिंग फैसिलिटी और अस्थायी शेल्टर बनाए गए हैं। साथ ही, मांग के अनुसार और भी स्पेशल ट्रेनें चलाने पर विचार किया जा रहा है। आनंद विहार टर्मिनल पर यात्रियों की सहूलियत के लिए UTS टिकट काउंटर, हेल्प डेस्क, restrooms और पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम की व्यवस्था की गई है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे इन विशेष सेवाओं का लाभ उठाएं और यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन करें, ताकि त्योहार के बाद की इस भीड़भाड़ में किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।