अररिया डीएम विनोद दुहान ने जनता दरबार में सुनीं 95 समस्याएं

MyBhagalpur Team19 September 20261 min read11 viewsCity Local
अररिया डीएम विनोद दुहान ने जनता दरबार में सुनीं 95 समस्याएं

अररिया समाहरणालय के परमान सभागार में जिला पदाधिकारी विनोद दुहान की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 95 मामलों की सुनवाई की गई जो व्यक्तिगत और सार्वजनिक समस्याओं से जुड़े थे।

विभिन्न इलाकों से पहुंचे लोग

नरपतगंज के बसमटिया निवासी रामेश्वर साह ने आरोप लगाया कि भू-अर्जन कार्यालय से बिहार सरकार की गैरमजरुआ आम जमीन का गलत तरीके से वितरण कर अवैध रूप से मुआवजा लिया गया है। भरगामा के मुलहपट्टी निवासी राजेंद्र प्रसाद यादव ने सरकारी जमीन पर कब्जे की शिकायत की। फारबिसगंज के ढोलबज्जा की मनीषा खातून ने बंदोबस्ती पर्चा देने की मांग की। रानीगंज के बिसनपुर निवासी विनोद मंडल ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट की मांग की। पलासी के देहती दक्षिण के सलीम खान व अन्य ने बिजली ट्रांसफार्मर लगवाने के लिए आवेदन दिया।

अन्य प्रमुख शिकायतें

फारबिसगंज के कुड़वा लक्ष्मपुर के मुकेश कुमार ने वार्ड नंबर 6 में पीसीसी ढलाई कार्य में गड़बड़ी की शिकायत की। नरपतगंज के मणिकपुर के रामेश्वर राम व अन्य ने हदबंदी कानून के तहत मिली जमीन से बेदखल किए जाने की शिकायत की। पलासी के पचेली की देवी रुखसाना खातून ने फसल नुकसान का मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत की और कुर्साकांटा की प्रेमलता देवी ने अपने खरीदे गए प्लॉट से विरोधियों द्वारा बेदखल किए जाने की बात कही। इसके अलावा मोतीलाल ऋषिदेव, असरफी दास, सुनीता देवी, मो. राजा नूर और अमित कुमार समेत अन्य फरियादियों ने भी अपनी समस्याएं रखीं। जिला पदाधिकारी विनोद दुहान ने संबंधित अधिकारियों को सभी आवेदनों की निष्पक्ष जांच करने और समयसीमा के भीतर असरदार समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment