फारबिसगंज में शुक्रवार रात को हुई एक हिंसक घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। मटियारी वार्ड नंबर 2 निवासी लक्ष्मी पासवान के बेटे और ऑटो चालक राजीव पासवान पर जानलेवा हमला हुआ। MPS स्कूल के पास मैदान के पास उन्होंने अपना ऑटो पार्क किया था और शौच के लिए गए थे।
एक अज्ञात हमलावर ने पीछे से आकर उन पर चाकू से गला रेतने की कोशिश की। राजीव के शोर मचाने पर स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए, जिन्हें देखकर हमलावर भाग निकला।
खून से लथपथ पीड़ित को अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
पीड़ित के भाई संतोष पासवान ने बताया कि राजीव ऑटो चलाकर परिवार का गुजारा करते हैं और शौच के दौरान उन पर अचानक हमला हुआ। अनुमंडल अस्पताल के ऑन-ड्यूटी डॉक्टर अकबर अली ने बताया कि
पीड़ित की गर्दन पर एक उंगली से ज्यादा गहरी कट का निशान है। घाव को सिलने के लिए लगभग 22 टांके लगे और हालत गंभीर होने के कारण उन्हें आगे के इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
इस घटना ने 9 अप्रैल को फारबिसगंज के सुभाष चौक पर हुई एक अन्य घटना की याद दिला दी है, जहां रवि चौहान नामक व्यक्ति ने नबी नामक युवक का गला रेत दिया था और बाद में भीड़ की पिटाई से रवि चौहान की मौत हो गई थी। इस तरह के हमलों के दोबारा होने से शहर की सुरक्षा को लेकर बड़ी चिंताएं पैदा हो गई हैं।
फारबिसगंज के एसडीपीओ राजकिशोर कुमार ने पुष्टि की है कि विस्तृत जांच जारी है।
पुलिस घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की जांच कर रही है। एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है और अधिकारी हमलावर की पहचान करने तथा हमले के पीछे के कारण का पता लगाने में जुटे हैं।