सावन की अंतिम यानी चौथी सोमवारी को लेकर जिले में शिवभक्तों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। रविवार को बक्सर के रामरेखा घाट से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगाजल लेकर बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ धाम समेत विभिन्न शिवालयों के लिए रवाना होंगे।
- रविवार को रामरेखा घाट से गंगाजल लेकर रवाना होंगे श्रद्धालु
- सोमवार की अहले सुबह से मंदिरों में जलाभिषेक की संभावना
- बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ के दरबार में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान
रविवार को बक्सर के रामरेखा घाट से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगाजल लेकर बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ धाम समेत विभिन्न शिवालयों के लिए रवाना होंगे। सावन के शुरुआती दिनों से ही रामरेखा घाट पर कांवरियों की लगातार बढ़ती भीड़ और शिवभक्तों के उत्साह को देखते हुए इस बार श्रद्धालुओं की संख्या में काफी इजाफा माना जा रहा है। कांवरिए झूमते-नाचते और हर-हर महादेव के जयघोष के साथ बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ की नगरी की ओर बढ़ रहे हैं। वहीं रामरेखा घाट से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बक्सर समेत आसपास के विभिन्न इलाकों के शिवालयों में जलाभिषेक के लिए भी गंगाजल लेकर जा रहे हैं।
सोमवार की अहले सुबह से लेकर दोपहर तक मंदिरों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। अंतिम सोमवारी पर श्रद्धालुओं की संख्या पिछले सभी आंकड़ों को पीछे छोड़ने की संभावना जताई जा रही है। बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ के दरबार में लाखों से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। इसे देखते हुए प्रशासन और पुलिस की ओर से भीड़ नियंत्रण, यातायात, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। अंतिम सोमवारी पर बक्सर में हर ओर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से माहौल शिवमय होने की उम्मीद है।