भागलपुर में बैंक हड़ताल से पांच सौ करोड़ का कारोबार ठप, जानिए पूरी खबर

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के आह्वान पर शुक्रवार को देशव्यापी एक दिवसीय हड़ताल से भागलपुर जिले में बैंकिंग सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं। जिले में राष्ट्रीयकृत, ग्रामीण और निजी बैंकों की लगभग 250 शाखाएं और 250 एटीएम पूरी तरह बंद रहे। इस बंदी से नकद जमा और निकासी, चेक क्लिअरिंग और ड्राफ्ट जारी करने जैसे जरूरी वित्तीय काम रुक गए और अनुमानित पांच सौ करोड़ रुपये के बैंकिंग लेनदेन पर असर पड़ा। राधा रानी सिन्हा रोड स्थित बैंक ऑफ इंडिया और इलाहाबाद बैंक जोनल कार्यालय के सामने सैकड़ों बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बैनर और पोस्टर लेकर केंद्र सरकार और इंडियन बैंक्स एसोसिएशन के खिलाफ जमकर विरोध जताया। इस आंदोलन का नेतृत्व कर रहे संयोजक अरविंद कुमार रमा ने कहा कि बैंक कर्मचारियों में सरकार की नीतियों के खिलाफ गहरा गुस्सा है और जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, उनका संघर्ष जारी रहेगा।