बांका: शादी की बारात में डीजे पर नाचते हुए युवक की अचानक मौत, परिजनों ने लगाया गंभीर आरोप
बांका के प्रतापपुर गांव में बारात में नाचते समय एक युवक की अचानक मौत हो गई। परिजनों ने जहरीली शराब पिलाने का आरोप लगाया है।

बिहार के बांका जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां खुशियों का माहौल पल भर में मातम में बदल गया। जिले के शंभुगंज थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव में एक शादी की बारात निकली थी। बारात में डीजे की धुन पर नाचते हुए एक 30 वर्षीय युवक अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान शिव मंडल के रूप में हुई है, जो भागलपुर के बाईपास थाना क्षेत्र के अम्बे पोखर का रहने वाला था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शिव मंडल बारात में शामिल होकर जमकर नाच-गाना कर रहा था। तभी अचानक वह जमीन पर गिर गया। शुरुआत में उसके साथ मौजूद दोस्तों और रिश्तेदारों को लगा कि वह नशे की हालत में है या शायद बेहोश हुआ है। उन्होंने उसके चेहरे पर पानी डालकर उसे जगाने की कोशिश की, लेकिन जब वह नहीं उठा, तो आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां मौजूद डॉक्टर अजय कुमार शर्मा ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने लगाया जहरीली शराब पिलाने का आरोप
इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। शिव मंडल तीन छोटे बच्चों का पिता था। परिजनों का आरोप है कि शिव की मौत सामान्य नहीं है। उनका दावा है कि बारात में शामिल कुछ युवकों ने उसे जबरन जहरीली शराब पिलाई, जिसकी वजह से उसकी जान गई। हालांकि, पुलिस ने अभी इस दावे की पुष्टि नहीं की है।
शंभुगंज थाना प्रभारी प्रभाकर कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बांका सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी। वहीं, भागलपुर बाईपास थाना प्रभारी विकास कुमार ने बताया कि घटना शंभुगंज थाना क्षेत्र की है, इसलिए वहां की पुलिस मामले की जांच कर रही है। एक हंसता-खेलता परिवार अब अपने बेटे और बच्चों के पिता को खोने के गम में डूबा हुआ है।