बांका: दबंगई और वर्चस्व का विरोध करने पर युवक को मारी गोली, मायागंज अस्पताल में इलाज जारी
बांका के रजौन में वर्चस्व की लड़ाई में एक युवक को गोली मारी गई, घायल का इलाज मायागंज अस्पताल में जारी है।

बिहार के बांका जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां वर्चस्व कायम करने की कोशिश और दबंगई का विरोध करने पर एक युवक को गोली मार दी गई। यह घटना रजौन थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव की है। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (मायागंज) में भर्ती कराया गया है।
घायल युवक की पहचान पंचानंद पासवान के पुत्र निवास पासवान के रूप में हुई है। डॉक्टरों के मुताबिक, गोली निवास की बाईं जांघ में लगी है और गोली अभी भी शरीर के अंदर ही फंसी हुई है। अस्पताल में भर्ती निवास ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि वह अपने घर के पास ब्रश कर रहा था, तभी अचानक गांव के पांच लोग वहां पहुंचे।
निवास का आरोप है कि उन पांच लोगों में से तीन ने हमले के लिए उकसाया, जिसके बाद भवानी शंकर पासवान ने हथियार निकाला और सीधे उनकी जांघ पर गोली चला दी। गोली लगते ही निवास लहूलुहान होकर गिर पड़े, जिससे गांव में हड़कंप मच गया।
सरकारी पदों पर बैठे लोगों पर भी गंभीर आरोप
इस हमले के बाद घायल युवक को आनन-फानन में पहले रजौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें बांका सदर अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर किया गया। निवास पासवान ने स्पष्ट किया है कि इस हमले का कारण कोई जमीन विवाद नहीं है, बल्कि गांव में अपनी मनमानी चलाने और वर्चस्व कायम करने का विरोध करना है।
हैरानी की बात यह है कि घायल युवक ने इस वारदात में एक चौकीदार और एक पंचायत समिति सदस्य सहित कुछ अन्य सरकारी पदों पर कार्यरत लोगों के शामिल होने का भी गंभीर आरोप लगाया है। फिलहाल रजौन पुलिस ने घटना की पुष्टि कर दी है और मामले की गहन छानबीन शुरू कर दी है। घायल के बयानों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।