बेगूसराय में भीषण सड़क हादसा: गंगा स्नान जा रहे मां-बेटे की ट्रैक्टर ने कुचली, सदमे में नाना की भी मौत

बेगूसराय के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धानगढ़ी के पास मटिहानी-शाम्हो पथ पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में गंगा स्नान के लिए जा रहे एक मां और बेटे की जान चली गई। मृतकों की पहचान मटिहानी थाने के छर्रानौर गांव निवासी नीरेश राय की पत्नी गीता देवी (42 वर्ष) और उनके पुत्र हरिओम (25 वर्ष) के रूप में की गई है।
जानकारी के अनुसार, गीता देवी अपने बेटे हरिओम के साथ बाइक से गंगा स्नान करने जा रही थीं। इसी दौरान एक तेज रफ्तार हैंड लदे ट्रैक्टर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने शवों को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया।
हादसे के बाद इस परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बेटी और नाती की मौत की खबर सुनकर गीता देवी के पिता को गहरा सदमा लगा। परिजनों ने बताया कि इस खबर के बाद उन्हें हार्ट अटैक आया, जिससे उनकी भी मौत हो गई। एक ही परिवार में एक साथ तीन लोगों की जान जाने से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और ग्रामीण गहरे सदमे में हैं।