भागलपुर में रविवार को बीएडीए जहाज घाट पर मोटरसाइकिल ले जाने की सुविधा शुरू होने के बाद यात्रियों और वाहन चालकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। इसे देखते हुए स्थानीय लोगों ने दूसरे घाटों को भी शुरू करने की मांग की थी। जनता की इस मांग पर जिला प्रशासन ने दो नई जगहों डीपीएस घाट और बाबूपुर घाट को नाव चलाने के लिए चुना है। इन दोनों नए घाटों पर प्रशासनिक तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं।
इन जगहों पर कंट्रोल रूम, अस्थायी पुलिस चौकी, स्वास्थ्य केंद्र और जीविका दीदी की रसोई कैंटीन बनाई गई हैं। इसके अलावा लोगों की सुविधा के लिए
प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर और अस्थायी शौचालय भी लगाए गए हैं ताकि किसी को परेशानी न हो।
हालांकि अभी भी कुछ तकनीकी समस्याएं बनी हुई हैं। डीपीएस घाट और बाबूपुर घाट पर
जरूरी जेटी और रैम्प का निर्माण कार्य अभी पूरा नहीं हुआ है। इन ढांचों के बिना जहाजों को सुरक्षित रोकना और गाड़ियों को आना-जाना संभव नहीं है। यह जिला प्रशासन के लिए इन जगहों पर माल ढुलाई और नौका सेवाओं को शुरू करने में एक बड़ी बाधा बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि वे बीएडीए घाट पर दबाव कम करने के लिए इस काम को जल्द से जल्द पूरा करें। मौके पर तैनात मजिस्ट्रेट एसके पाल ने बताया कि जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं और उन्होंने भरोसा दिलाया कि
जेटी और रैम्प का निर्माण कार्य जल्द पूरा कर लिया जाएगा।