जहरीली हुई भागलपुर की हवा: देश के सबसे प्रदूषित शहरों में 17वें स्थान पर पहुंचा शहर

दिवाली और छठ के बाद भी भागलपुर में प्रदूषण का कहर जारी, AQI लेवल 'बहुत खराब' श्रेणी में पहुंचा। जानें शहर के सबसे प्रदूषित इलाके।

Talat Praveen18 November 20262 min read0 viewsCity Local
जहरीली हुई भागलपुर की हवा: देश के सबसे प्रदूषित शहरों में 17वें स्थान पर पहुंचा शहर

दिवाली और छठ जैसे बड़े त्योहार बीत चुके हैं, लेकिन भागलपुर के लोगों के लिए राहत अब भी दूर है। शहर की हवा में घुला प्रदूषण का जहर कम होने के बजाय और बढ़ता जा रहा है। स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि हवा की गुणवत्ता (Air Quality) में भारी गिरावट के कारण भागलपुर अब देशभर के सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में 17वें नंबर पर आ गया है। शहर के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 'बहुत खराब' श्रेणी में दर्ज किया गया है, जिससे आम नागरिकों का सांस लेना दूभर हो गया है।

चाहे सुबह की सैर हो या शाम को बाजार की भीड़, शहरवासी हर पल धूल और धुएं के गुबार के बीच रहने को मजबूर हैं। शहर के अलग-अलग हिस्सों से जो आंकड़े सामने आ रहे हैं, वे बेहद डराने वाले हैं। चंपापुल इलाके में AQI स्तर 342 तक पहुंच गया है, जबकि अलीगंज चौक पर यह 318 और जीरोमाइल चौक पर 303 दर्ज किया गया है। इसके अलावा, भागलपुर स्टेशन चौक (278) और तिलकामांझी चौक (274) की हवा भी 'खराब' श्रेणी में बनी हुई है।

ट्रैफिक जाम और उड़ती धूल बनी बड़ी वजह

विशेषज्ञों का मानना है कि शहर में लगने वाले भीषण ट्रैफिक जाम और वाहनों से निकलने वाला जहरीला धुआं इस बदहाली का मुख्य कारण है। सड़कों पर उड़ने वाली धूल और वातावरण में पीएम 2.5 व पीएम 10 जैसे सूक्ष्म कणों की मात्रा मानक सीमा से कहीं ज्यादा बढ़ गई है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि इस तरह की प्रदूषित हवा सेहत के लिए किसी बड़े खतरे से कम नहीं है। हवा में मौजूद इन जहरीले कणों की वजह से लोगों में आंखों में जलन, गले में खराश और सांस लेने में तकलीफ जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। खासकर अस्थमा और ब्रोंकाइटिस के मरीजों के लिए यह समय काफी चुनौतीपूर्ण है। डॉक्टरों ने बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने, बाहर निकलते समय मास्क का उपयोग करने और धूल भरे इलाकों से बचने की सख्त सलाह दी है।

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment