भागलपुर: अकबरनगर में गांजा तस्करी का भंडाफोड़, मां-बेटे समेत तीन गिरफ्तार

भागलपुर जिले के अकबरनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने हरियो टोला पानी टंकी के पास छापेमारी कर 2 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने सागर कुमार, उसकी मां शीला देवी और शकुंतला देवी को गिरफ्तार किया है। सिटी एसपी अतुलेश झा ने सोमवार को एक प्रेस वार्ता के दौरान इस गिरफ्तारी की जानकारी दी।
सिटी एसपी ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में शराब और नशे के सामान की बिक्री वाले हॉटस्पॉट पर लगातार छापेमारी की जा रही है। श्रावणी मेला को देखते हुए भी पुलिस विशेष अभियान चला रही है। इसी दौरान अकबरनगर थाना पुलिस को सूचना मिली कि हरियो टोला के एक घर में गांजे की खरीद-बिक्री हो रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही घर में मौजूद लोग भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर सागर कुमार, शीला देवी और शकुंतला देवी को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उनके पास से 2 किलो 400 ग्राम गांजा मिला।
सिटी एसपी ने यह भी बताया कि पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी यह गांजा कहां से लाते थे और इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।