भागलपुर: बरारी इमामबाड़ा से निकला अलम जुलूस, आज भी अलग-अलग जगहों से निकलेंगे जुलूस

चेहल्लुम की पूर्व संध्या पर सोमवार रात आठ बजे बरारी स्थित इमामबाड़ा से शिया समुदाय द्वारा अलम जुलूस निकाला गया। इस जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए, जिन्होंने नोहा और मातम करते हुए अपनी आस्था प्रकट की। नोहा खानी करने वालों में मोहम्मद अली, विक्टर और नासिर हुसैन शामिल थे। देर रात तक चले इस कार्यक्रम के बाद सभी लोग फातिमा स्कूल के पास स्थित कर्बला मैदान पहुंचे, जहां अलविदाई नोहा के बाद परंपरागत तरीके से पहलाम किया गया।
इसके साथ ही, इरशाद हुसैन जैदी साहब के इमामबाड़ा खलीफाबाग में मजलिस का आयोजन हुआ, जिसमें मौलाना नासिर हुसैन ने मजलिस पढ़ी। वहीं, नया बाजार स्थित मीर इमाम बख्श वक्फ इस्टेट कर्रार गोलाघाट इमामबाड़ा में भी मजलिस हुई, जिसमें मौलाना इमाम हुसैन ने खिताब किया। इस मौके पर मुतवल्ली सैयद मेहंदी अली, सैयद अबर अली, सैयद मोहम्मद अली जामीन, अली दानिश, विक्टर और खावर समेत कई लोग मौजूद रहे।
जिला शिया वक्फ कमेटी के सचिव सैयद जौआज हुसैन ने बताया कि कर्बला में इमाम हुसैन और उनके 71 रिश्तेदारों व परिवारों की शहादत के 40 दिन पूरे होने पर चेहल्लुम मनाया जाता है। इस अवसर पर लोग मातम और नोहा पढ़ते हुए अलम जुलूस निकालते हैं।
मंगलवार को चेहल्लुम के मौके पर सुबह 10:30 बजे छोटा इमामबाड़ा और नया बाजार इमामबाड़ा से अलम जुलूस निकाला जाएगा। वहीं, दोपहर 12:00 बजे छोटा इमामबाड़ा असदपुर से जुलूस निकलेगा। ये दोनों जुलूस दोपहर 1:00 बजे मुस्लिम हाईस्कूल के पास मिलेंगे। शाम 6:00 बजे शाहगंजी कर्बला मैदान में पहलाम का कार्यक्रम होगा।