यात्रियों की सुविधा के लिए भागलपुर से आनंद विहार टर्मिनल के लिए चलेंगी दो स्पेशल ट्रेनें
त्योहारी सीजन में भीड़ कम करने के लिए रेलवे चला रहा है भागलपुर से दिल्ली के लिए दो अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें। समय और रूट की पूरी जानकारी यहाँ देखें।

त्योहारी सीजन में ट्रेनों में होने वाली भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। दिल्ली जाने वाले यात्रियों के दबाव को कम करने के लिए रेलवे प्रशासन ने भागलपुर आनंद विहार स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। इसके तहत भागलपुर से आनंद विहार टर्मिनल के लिए दो एकतरफा अनारक्षित विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी, ताकि जिन्हें नियमित ट्रेनों में टिकट नहीं मिल पाया है, वे आसानी से सफर कर सकें।
ये दोनों विशेष ट्रेनें मंगलवार, 10 नवंबर को भागलपुर स्टेशन से अपनी यात्रा शुरू करेंगी। पहली ट्रेन (गाड़ी संख्या 04455) शाम 7:00 बजे रवाना होगी, जबकि दूसरी ट्रेन (गाड़ी संख्या 04477) रात 9:30 बजे भागलपुर से प्रस्थान करेगी।
विक्रमशिला एक्सप्रेस के रूट पर ही चलेंगी ट्रेनें
रेलवे द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक, इन दोनों स्पेशल ट्रेनों का रूट और ठहराव बिल्कुल वैसा ही होगा जैसा नियमित रूप से चलने वाली 12367 भागलपुर-आनंद विहार टर्मिनल विक्रमशिला एक्सप्रेस का रहता है। इन ट्रेनों के परिचालन से उन यात्रियों को काफी मदद मिलेगी जो अंतिम समय में यात्रा की योजना बना रहे हैं और जिन्हें कंफर्म टिकट मिलने में परेशानी हो रही थी।