बाबूपुर मोड में 32वें कार्तिक पूजा उत्सव का आगाज, भक्ति और संस्कृति का संगम
सबौर के बाबूपुर मोड में 32वां श्री श्री 108 कार्तिक पूजा उत्सव शुरू हो गया है। जानें धार्मिक नाटकों और कार्यक्रमों का पूरा शेड्यूल।

भागलपुर के सबौर स्थित बाबूपुर मोड के कार्तिक नगर चौका में 32वें श्री श्री 108 कार्तिक पूजा उत्सव की धूमधाम से शुरुआत हो गई है। सोमवार देर रात करीब 12:30 बजे भगवान की प्रतिमा की स्थापना और विधिवत अनुष्ठानों के साथ इस तीन दिवसीय धार्मिक और सांस्कृतिक महोत्सव का आगाज हुआ। इस आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
धार्मिक नाटकों और जगरण की रहेगी धूम
कार्तिक पूजा समिति द्वारा आयोजित इस उत्सव में आस्था के साथ-साथ कला का भी प्रदर्शन होगा। कार्यक्रम की रूपरेखा कुछ इस प्रकार है:
- 24 नवंबर: नाथनगर विधायक मिथुन कुमार के उद्घाटन के साथ 'भक्त प्रहलाद' नामक धार्मिक नाटक का मंचन किया जाएगा।
- 25 नवंबर: भाजपा नेता दीपक सिंह और भागलपुर सिटी विधायक रोहित पांडेय की मौजूदगी में 'चंबल की रानी' नामक सामाजिक नाटक पेश किया जाएगा।
- 26 नवंबर: डॉ. नीरज कुमार के उद्घाटन के साथ एक भव्य 'जगरण' का आयोजन होगा।
- 27 नवंबर: शाम 4:00 बजे मूर्ति विसर्जन के साथ इस उत्सव का समापन होगा।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष जयप्रकाश मंडल, कार्यकारी अध्यक्ष रामचंद्र राज, उपाध्यक्ष मनोज मंडल, सचिव मनीष कुमार और कोषाध्यक्ष प्रदीप कांत आजाद के साथ-साथ सीताराम मंडल, जयहिंद मंडल, शंभु भगत और अशोक मंडल जैसे संरक्षकों की अहम भूमिका है। साथ ही राजू मंडल, अनिल मंडल, धर्मवीर कुमार, अरविंद कांत आजाद और संजीत कुमार सलाहकार के तौर पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
आस्था की अनोखी कहानी: समिति के अध्यक्ष जयप्रकाश मंडल ने बताया कि इस पूजा की परंपरा 1994 में शुरू हुई थी। उस समय एक साधु ने ग्रामीणों को सलाह दी थी कि गंगा किनारे बसे इस गांव को नदी के खतरों से बचाने के लिए भगवान कार्तिक का मंदिर स्थापित कर नियमित पूजा करना आवश्यक है। साधु की इसी बात को मानकर ग्रामीणों ने मंदिर बनवाया और तब से पिछले 32 वर्षों से यह परंपरा निरंतर जारी है।