राघोपुर प्रखंड के धरहारा स्थित भीमशंकर महादेव मंदिर कमेटी की एक अहम बैठक शनिवार शाम को मंदिर परिसर में हुई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य मंदिर की व्यवस्था को मजबूत करना और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं में सुधार करना था। बैठक की अध्यक्षता मंदिर कमेटी के अध्यक्ष सह बीरपुर के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) विनय कुमार ने की। बैठक में राघोपुर अंचलाधिकारी सह मंदिर कमेटी की उपाध्यक्ष रश्मि प्रिया, ट्रस्ट कमेटी के सचिव संजीव यादव, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी, कमेटी के सदस्य प्रोफेसर कमल प्रसाद यादव और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
एसडीएम विनय कुमार ने कहा कि भीमशंकर महादेव मंदिर एक महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल है और इसकी व्यवस्था में पारदर्शिता और अनुशासन सबसे पहले होना चाहिए। मंदिर के कामकाज को बेहतर बनाने के लिए कई अहम फैसले लिए गए हैं। परिसर की सभी दुकानों का रजिस्ट्रेशन कराना होगा और दुकानदारों को अपनी कमाई मंदिर के आधिकारिक खाते में जमा करनी होगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मौसम से बचाव और भीड़ को नियंत्रित करने हेतु पक्की बैरिकेडिंग और शेड बनाए जाएंगे। नियमित पूजा का समय सुबह 4:30 बजे और शाम 7:30 बजे तय किया गया है।
स्नान और जलाभिषेक को आसान बनाने के लिए शिवगंगा के चारों ओर सीढ़ियों का विस्तार किया जाएगा। वित्तीय पारदर्शिता बनाए रखने के लिए मंदिर के लेन-देन की जांच जिला ऑडिट टीम द्वारा नियमित रूप से की जाएगी। इसके अलावा, श्रद्धालुओं के लिए भुगतान को आसान बनाने और स्पष्टता सुनिश्चित करने केلिए सभी सेवाओं और सामानों के लिए क्यूआर कोड और रेट लिस्ट सार्वजनिक रूप से लगाई जाएगी। एसडीएम विनय कुमार ने बताया कि इन उपायों का उद्देश्य भीमशंकर महादेव मंदिर को एक आदर्श धार्मिक स्थल के रूप में विकसित करना है, ताकि यहां आने वाले सभी पर्यटकों को एक सुखद और आध्यात्मिक अनुभव मिल सके।