भागलपुर: बिहपुर के टेकबाजबपुर दियारा में मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार और भारी मात्रा में हथियार बरामद

बिहपुर थाना क्षेत्र के टेकबाजबपुर दियारा में एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। वरीय पुलिस पदाधिकारियों के निर्देश पर आर्म्स सेल, एसओजी-11, चौता-17 और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त छापेमारी कर इस फैक्ट्री को पकड़ा। इस दौरान पुलिस ने मौके से चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
छापेमारी के दौरान पुलिस को बड़ी मात्रा में हथियार और मशीनें मिली हैं। बरामद सामान में 11 तैयार कट्टा, 4 अर्द्धनिर्मित कट्टा, 32 बोर की गोलियां और 15 अतिरिक्त मैगजीन शामिल हैं। इसके अलावा हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली 6 बेस मशीनें, एक हैंड ड्रिल मशीन, एक बाइक और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार अपराधियों में भागलपुर के साथ-साथ मुंगेर जिले के लोग भी शामिल हैं।
वहीं दूसरी ओर, साइबर थाना पुलिस ने ऑनलाइन ठगी के मामले में सौरभ अग्रवाल नामक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पश्चिम बंगाल के दिनहाजपुर में एक व्यक्ति से ठगी कर उसके खाते में 1.60 लाख रुपये मंगवाए थे और बाद में वह राशि नकद ले ली थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को मंगलवार को पकड़ लिया।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार किए गए सभी अपराधियों के इतिहास की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। इस पूरी कार्रवाई और बरामदगी के बारे में विस्तार से जानकारी जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए दी जाएगी।