भागलपुर: तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आए बावर्ची की इलाज के दौरान मौत
भागलपुर के खलीफाबाग चौक पर बाइक की चपेट में आए बावर्ची राजेंद्र टाटी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

भागलपुर शहर में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। खलीफाबाग चौक के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल बावर्ची राजेंद्र टाटी ने सोमवार को अस्पताल में दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम छा गया है। राजेंद्र गोलाघाट के रहने वाले थे और बावर्ची का काम करके अपने परिवार का गुजारा करते थे।
खलीफाबाग चौक पर हुआ था हादसा
यह हादसा दो दिन पहले खलीफाबाग चौक स्थित 'मनपसंद चप्पल-जूते' की दुकान के सामने हुआ था। चश्मदीदों के मुताबिक, सड़क पर दोनों तरफ से मोटरसाइकिलें बेहद तेज रफ्तार में आ रही थीं। इसी दौरान अनियंत्रित बाइकों की चपेट में आने से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इनमें राजेंद्र टाटी को सबसे ज्यादा चोटें आई थीं।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां पिछले दो दिनों से डॉक्टरों की टीम राजेंद्र की जान बचाने की कोशिश कर रही थी, लेकिन उनकी चोटें इतनी गंभीर थीं कि सोमवार को इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।