भागलपुर के बाइपास थाना क्षेत्र में सेंट टेरेसा स्कूल के समीप शनिवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गयी।
- मृतक की पहचान इशाकचक शिवपुरी कॉलोनी निवासी 23 वर्षीय रितेश कुमार के रूप में हुई।
- रितेश टेकानी गांव में स्थित एक प्रसिद्ध सीमेंट कंपनी के गोदाम में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे।
- इस हादसे के बाद मृतक के परिजन में कोहराम मच गया है।
बताया जा रहा है कि शनिवार रात रितेश गोदाम का अपना दैनिक काम खत्म करने के बाद अपने एक सहयोगी के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे।
इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गयी। सेंट टेरेसा स्कूल के पास सड़क पर पानी और फिसलन होने के कारण उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर पलट गयी। बाइक से गिरते ही रितेश गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास के लोगों और पुलिस के सहयोग से उन्हें तुरंत मायागंज अस्पताल ले जाया गया,
जहाँ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, बाइक पर सवार उनके सहयोगी को भी चोटें आयी हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की छानबीन में जुट गयी है।