भागलपुर: छट घाट की तैयारी के दौरान हादसा, तालाब में डूबने से 15 साल के किशोर की मौत
भागलपुर के सन्हौला में छट घाट की तैयारी के दौरान एक किशोर की डूबने से मौत। ग्रामीणों ने तालाब की सुरक्षा और फंड के दुरुपयोग का लगाया आरोप।

बिहार के भागलपुर जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां सन्हौला थाना क्षेत्र के घनश्यामचक गांव में छट पूजा की तैयारियों के बीच एक बड़ा हादसा हो गया। यहां 15 वर्षीय किशोर ललित कुमार की तालाब में डूबने से मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब ललित छट पूजा के लिए घाट बनाने के काम में जुटा था और अचानक पैर फिसलने की वजह से वह गहरे पानी में समा गया।
मृतक ललित कुमार स्थानीय निवासी जितेंद्र कुमार का बेटा था। जैसे ही वह तालाब में डूबा, गांव में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसके शरीर को पानी से बाहर निकाला गया। आनन-फानन में उसे सन्हौला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सुरक्षा इंतजामों की कमी और भ्रष्टाचार के आरोप
इस हादसे के बाद गांव वालों का गुस्सा फूट पड़ा है। गुड्डू कुमार, दीपक और बबलू समेत कई ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि तालाब के चारों ओर सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं और न ही वहां कोई फेंसिंग की गई है, जबकि पानी काफी गहरा है। ग्रामीणों का यह भी दावा है कि तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए आए पैसों का सही इस्तेमाल नहीं हुआ और केवल ऊपरी तौर पर काम दिखाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली खुदाई की वजह से तालाब और गहरा हो गया है, जिससे खतरा बढ़ गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस जगह पर यह पहली घटना नहीं है; इससे पहले भी तीन से चार लोग यहां डूब चुके हैं। अब ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए तुरंत फेंसिंग और सुरक्षा घेरा बनाया जाए।
मामले की जानकारी देते हुए सन्हौला थाना प्रभारी रुपेश कुमार ने बताया कि किशोर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। वहीं, बीडीओ कन्हैया कुमार ने कहा कि उन्हें घटना की विस्तृत जानकारी मिलनी बाकी है, लेकिन वे अंचल अधिकारी से चर्चा कर सुरक्षा इंतजामों की जांच करेंगे और पीड़ित परिवार को सरकारी नियमानुसार मुआवजा दिलाने की कोशिश करेंगे।