भागलपुर: ट्रकों से वसूली का वीडियो वायरल, बाइपास थानाध्यक्ष निलंबित, एसएसपी की बड़ी कार्रवाई

MyBhagalpur Team5 August 20261 min read36 viewsCity Local
भागलपुर: ट्रकों से वसूली का वीडियो वायरल, बाइपास थानाध्यक्ष निलंबित, एसएसपी की बड़ी कार्रवाई

भागलपुर के बाइपास थाना क्षेत्र में मालवाहक ट्रकों से अवैध वसूली का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने थानाध्यक्ष चंद्रनार यादव को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है। एसएसपी ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वीडियो में दिख रहे दो लोगों के खिलाफ बाइपास थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई है। पुलिस अब इन लोगों की पहचान और उनके पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

एसएसपी ने बताया कि वीडियो सामने आने के बाद निष्पक्ष जांच के लिए निलंबन की कार्रवाई की गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी साफ किया कि यदि इस मामले में किसी अन्य पुलिस अधिकारी की मिलीभगत पाई जाती है, तो उसके खिलाफ भी सख्त एक्शन लिया जाएगा।

स्थानीय चर्चाओं के अनुसार, बाइपास थाने के पास से हर दिन करीब 200 मालवाहक ट्रक गुजरते हैं और उनसे प्रति ट्रक 200 रुपये की वसूली की जाती थी। इसी वसूली का वीडियो एक स्थानीय व्यक्ति ने एसएसपी को भेजा था।

बता दें कि निलंबित थानाध्यक्ष चंद्रनार यादव का पिछला रिकॉर्ड भी विवादों में रहा है। कजरैली थाने में उनके कार्यकाल के दौरान स्थानीय लोगों ने पूर्व एसएसपी से शिकायत की थी, जिसकी जांच हुई थी। इसके अलावा, हाल ही में रिक्शाडीह के पास एक जमीन विवाद के मामले में भी उनकी भूमिका संदिग्ध पाई गई थी।

Share:

Comments

Leave a comment