भागलपुर कैंप जेल में दहेज मामले के आरोपी ने की आत्महत्या, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
भागलपुर कैंप जेल में बंद दहेज मृत्यु मामले के आरोपी रामआश्रय यादव ने फांसी लगाकर जान दी। परिजनों ने लगाया गंभीर आरोप।

बिहार के भागलपुर कैंप जेल से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां बुधवार को दहेज मृत्यु के मामले में बंद एक 26 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान कहलगांव के जमहरपुर निवासी जनार्दन यादव के पुत्र रामआश्रय यादव के रूप में हुई है। इस घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
रामआश्रय पिछले करीब चार महीनों से जेल में बंद था। दरअसल, उसकी पत्नी काजल कुमारी ने करीब चार महीने पहले आत्महत्या कर ली थी, जिसके बाद काजल के पिता गोपाल यादव ने रामआश्रय और उसके परिवार के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया था। बताया जा रहा है कि दोनों की शादी को अभी महज एक साल ही हुआ था।
परिजनों का आरोप: पैसों की उगाही और मानसिक प्रताड़ना
मृतक के भाई नितेश कुमार यादव ने बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि एक पंचायत के जरिए मामला सुलझाने की कोशिश की गई थी, जिसके लिए उन्होंने अपनी जमीन बेचकर 7 लाख रुपये दिए। लेकिन पैसे लेने के बावजूद लड़की वालों ने केस वापस नहीं लिया और लगातार उन्हें धमकियां देते रहे। नितेश के अनुसार, लड़की का परिवार उन्हें यह कहकर डराता था कि वे उनके अपने ही पैसों से उन्हें पीटेंगे।
जमीन बिकने के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति पूरी तरह बिगड़ गई थी, जिससे रामआश्रय गहरे मानसिक तनाव में था। परिवार का कहना है कि उनके पास पैसों के लेन-देन का वीडियो सबूत भी मौजूद है।
इस घटना के बाद परिवार ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। नितेश का आरोप है कि रामआश्रय की गर्दन पर निशान साफ नहीं हैं और जिस जगह शव मिला, उसके पास ही एक जिम है, इसलिए सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच होनी चाहिए। मृतक के दिव्यांग पिता जनार्दन यादव और मां पावो देवी इस हादसे से पूरी तरह टूट चुके हैं। उन्होंने मांग की है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के जरिए मौत की असली वजह सामने लाई जाए।
हैरानी की बात यह है कि जब इस पूरे मामले पर स्पेशल सेंट्रल जेल (कैंप जेल) के अधीक्षक राजीव कुमार झा से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने कई बार कॉल उठाने के बाद भी कोई जवाब नहीं दिया और फोन काट दिया, जिसके बाद उनका फोन स्विच ऑफ पाया गया।