भागलपुर: चैंबर ऑफ कॉमर्स की आम सभा 9 अगस्त को, साइबर फ्रॉड रोकने के लिए पुलिस के साथ होगी बड़ी बैठक

ईस्टर्न बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की एक विशेष समीक्षा बैठक मंगलवार को चैंबर भवन में आयोजित की गई। इस बैठक में 9 अगस्त को होने वाली आम सभा की तैयारियों पर चर्चा हुई। आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रदीप जैन, राहुल झुनझुनवाला और गौरव बंसल को संयोजक नियुक्त किया गया है। अध्यक्ष शरद कुमार सालारपुरिया ने जानकारी दी कि आम सभा सुबह 10:30 बजे चैंबर सभागार में होगी, जबकि महासचिव सीए पुनीत चौधरी ने कार्यक्रम की कार्यसूची पर चर्चा की।
बैठक के दौरान व्यापारियों के साथ बढ़ रहे यूपीआई (UPI) फ्रॉड और बैंक खातों पर अनधिकृत लियन (Lien) लगने के मामलों पर गहरी चिंता जताई गई। इस समस्या के समाधान के लिए यह निर्णय लिया गया कि आम सभा के तुरंत बाद साइबर क्राइम डीएसपी विनय कुमार की मौजूदगी में व्यापारियों और साइबर पुलिस की एक संयुक्त बैठक बुलाई जाएगी।
चैंबर सदस्य राजेश बंका ने सभी पीड़ित व्यापारियों से अपील की है कि वे फ्रॉड और लियन से संबंधित अपने सभी जरूरी दस्तावेज साथ लेकर आएं ताकि समस्या का सही समाधान हो सके। इस पूरी बैठक में रामगोपाल पोद्दार, रमण कुमार साह, अजीत जैन और अनिल कटारिया समेत कई अन्य सदस्य मौजूद थे।