भागलपुर: चेहल्लुम पर निकला मातम का जुलूस, शाहजंगी करबला में हुआ पहलाम

भागलपुर जिले और शहर में मंगलवार को चेहल्लुम के मौके पर मातम के साथ जुलूस निकाला गया। शहर में दो मुख्य जुलूस निकले, जिनमें से पहला नया बाजार इमामबाड़ा से सुबह 11:00 बजे और दूसरा छोटा इमामबाड़ा अरारदनपुर से दोपहर 12:30 बजे शुरू हुआ। दोनों जुलूस मुस्लिम हाई स्कूल के पास एक साथ मिले और फिर मोहिउद्दीनपुर इमामबाड़ा होते हुए शाम करीब छह बजे शाहजंगी करबला पहुंचे, जहां अलविदाई नोहा के साथ पहलाम किया गया।
इस जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। पूरे रास्ते 'या हुसैन' के नारों के साथ नोहाख्वानी और मातम किया गया। कई श्रद्धालुओं ने अपनी आस्था दिखाते हुए जंजीरी मातम भी किया। कार्यक्रम के दौरान बिस्टर, नासिर हुसैन, जावेद नकवी और मोहम्मद अली ने अलग-अलग जगहों पर नोहा पढ़ा।
जुलूस के दौरान मौलाना डॉ. तासीर हुसैन ने तकरीर की। उन्होंने बताया कि इराक के करबला में इमाम हुसैन और उनके 72 साथियों ने मोहर्रम की 10वीं तारीख को यजीद की सेना के खिलाफ लड़ते हुए शहादत दी थी। इसी शहादत के 40वें दिन को चेहल्लुम के रूप में मनाया जाता है।