छठ महापर्व: भागलपुर के घाटों पर सुरक्षा और सुविधा के लिए युद्धस्तर पर जुटा प्रशासन

भागलपुर के 270 छठ घाटों की सफाई और सुरक्षा के लिए प्रशासन जुटा है। जानें कैसे की जा रही है श्रद्धालुओं की सुविधा की तैयारी।

Talat Praveen13 November 20262 min read0 viewsCity Local
छठ महापर्व: भागलपुर के घाटों पर सुरक्षा और सुविधा के लिए युद्धस्तर पर जुटा प्रशासन

लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत 'नहाय-खाय' के साथ हो गई है, जिसे लेकर भागलपुर के गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है। शहर के बरारी, बूढ़ानाथ और जहाज घाट समेत सुल्तानगंज और कहलगांव के घाटों पर सुबह से ही भारी भीड़ देखी गई। हालांकि, गंगा के घटते जलस्तर ने प्रशासन के सामने एक नई चुनौती खड़ी कर दी है, क्योंकि कई प्रमुख घाटों पर जमा गाद और दलदल की वजह से व्रतियों को स्नान करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

श्रद्धालुओं की इन मुश्किलों को दूर करने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और नगर निगम ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। विशेष रूप से बरारी पुल घाट जैसे इलाकों में, जहां कीचड़ और फिसलन अधिक है, वहां जेसीबी के जरिए समतलीकरण का काम किया जा रहा है। साथ ही, फिसलन रोकने के लिए बड़े पैमाने पर बालू के बोरे और पुआल बिछाए जा रहे हैं ताकि कोई दुर्घटना न हो।

60 प्रमुख घाटों के लिए 8 जोन में बंटा शहर

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

नगर निगम ने इस बार व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने के लिए शहरी क्षेत्र के 60 प्रमुख छठ घाटों को 8 अलग-अलग जोनों में बांटा है। मेयर डॉ. वसुंधरा लाल और नगर आयुक्त के दिशा-निर्देशों पर पूरे जिले के 270 छठ घाटों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों की सफाई के लिए कुल 3,115 मजदूरों को तैनात किया गया है। इनमें सबसे ज्यादा 250 मजदूर अकेले बूढ़ानाथ घाट पर और 200 गंगा ब्रिज के पास तैनात हैं।

बूढ़ानाथ गंगा घाट पर 'अंग सेवा समिति' और नगर निगम मिलकर पानी को स्वच्छ रखने के लिए चूना और फिटकरी का छिड़काव कर रहे हैं। वहीं चंपा नदी घाट पर स्थानीय पूजा समिति द्वारा महिलाओं के लिए अस्थायी चेंजिंग रूम और पेयजल की व्यवस्था की जा रही है। नगर आयुक्त ने सख्त निर्देश दिए हैं कि 14 नवंबर (खरना) तक सभी घाटों पर बैरिकेडिंग, रोशनी और सफाई का काम हर हाल में पूरा कर लिया जाए। खराब लाइटों को ठीक करने के लिए बिजली विभाग की रोशनी शाखा को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने अपनी टीम के साथ एसडीआरएफ की नाव से गंगा नदी के रास्ते निरीक्षण किया। अधिकारियों ने रजंदीपुर घाट, डीपीएस घाट, बरारी और बूढ़ानाथ घाट समेत सड़क मार्ग से चंपानगर घाट तक की व्यवस्थाओं को देखा और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

Share:

Comments

Leave a comment