भागलपुर: छठ पूजा के दौरान नदी में डूबे युवक का शव 24 घंटे बाद बरामद
भागलपुर के नारायणपुर में छठ पूजा के दौरान नदी में डूबे 18 वर्षीय युवक का शव 24 घंटे बाद बरामद किया गया।

बिहार के भागलपुर जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। छठ पूजा के पावन अवसर पर नदी में नहाने गए एक 18 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। लापता युवक का शव करीब 24 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मंगलवार सुबह बरामद किया गया। इस घटना से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान झंडापुर थाना क्षेत्र के जयरामपुर गांव निवासी संजय पंडित के पुत्र अमरजीत कुमार (टिटू) के रूप में हुई है। यह हादसा सोमवार सुबह करीब 7 बजे हुआ, जब अमरजीत छठ पूजा के दौरान नदी में स्नान करने गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह पानी की लहरों में खो गया।
SDRF और गोताखोरों ने चलाया सर्च ऑपरेशन
युवक के लापता होते ही स्थानीय प्रशासन और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची। सोमवार पूरे दिन नदी के किनारे और गहराई में तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन पानी के तेज बहाव और गहराई की वजह से सोमवार को सफलता नहीं मिली। मंगलवार सुबह करीब 9:40 बजे स्थानीय गोताखोर मोहम्मद आसिफ की मदद से शव को बरामद किया गया। गोताखोर ने बताया कि शव नदी की एक सहायक नदी में करीब 10 फीट गहराई में फंसा हुआ था।
शव मिलने की सूचना मिलते ही भवानीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए नउगाचिया स्थित अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है। त्योहार की खुशियों के बीच इस हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दी हैं।