भागलपुर: छठ पूजा से पहले घाटों की बदहाली, सराय किला घाट पर पसरी गंदगी से लोग नाराज
भागलपुर के सराय किला और यूनिवर्सिटी घाट पर छठ पूजा की तैयारियां अधूरी, गंदगी और टूटी सड़कों से श्रद्धालु परेशान।

बिहार का महापर्व छठ पूजा अब बस तीन दिन दूर है, लेकिन भागलपुर के कई प्रमुख घाटों की स्थिति देखकर श्रद्धालुओं के चेहरे पर चिंता साफ झलक रही है। जिला प्रशासन और नगर निगम भले ही तैयारियों का दावा कर रहे हों, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। शहर के कई महत्वपूर्ण घाटों पर अब तक कोई ठोस काम नहीं हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
सबसे खराब स्थिति सराय किला घाट की है, जहां हर साल हजारों की संख्या में श्रद्धालु अर्घ्य देने पहुंचते हैं। फिलहाल यह घाट गंदगी और मलबे के ढेर में तब्दील हो चुका है। किनारे पर गंगा का पानी प्रदूषित नजर आ रहा है और घाट तक पहुंचने वाला मुख्य कच्चा रास्ता इतना उबड़-खाबड़ है कि वहां से गुजरना मुश्किल हो गया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अगर जल्द ही सफाई और रास्ते का सुधार नहीं हुआ, तो श्रद्धालुओं और उनके परिवारों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
यूनिवर्सिटी घाट की सड़क जर्जर, प्रशासन ने दिया आश्वासन
वहीं, PNA साइंस कॉलेज के पास यूनिवर्सिटी प्रशासनिक भवन के पीछे स्थित घाट की स्थिति सफाई के मामले में तो बेहतर है, लेकिन यहां पहुंचने वाला रास्ता पूरी तरह जर्जर हो चुका है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम से मांग की है कि इस रास्ते पर तुरंत बालू और मोरम डालकर इसे ठीक किया जाए ताकि लोग सुरक्षित तरीके से घाट तक पहुंच सकें।
इन शिकायतों के बीच प्रशासन ने अपनी सफाई पेश की है। अतिक्रमण शाखा के प्रभारी जयप्रकाश यादव ने बताया कि घाटों की स्थिति सुधारने का काम तेजी से चल रहा है। उन्होंने पुष्टि की कि दलदली और कीचड़ वाले इलाकों को सुरक्षित करने के लिए 'कसल' (चटाई/लाइनिंग) की खरीदारी कर ली गई है। प्रशासन का दावा है कि सफाई अभियान में तेजी लाई जाएगी और युद्ध स्तर पर कसल बिछाने का काम शुरू होगा ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो।