छठ पूजा की तैयारी: भागलपुर के बाजारों में उमड़ी भारी भीड़, 45 करोड़ से ज्यादा के कारोबार की उम्मीद

भागलपुर के बाजारों में छठ पूजा को लेकर जबरदस्त रौनक है। कपड़ों से लेकर फलों तक की कीमतों में उछाल देखा गया है।

Puja Singh14 November 20262 min read0 viewsCity Local
छठ पूजा की तैयारी: भागलपुर के बाजारों में उमड़ी भारी भीड़, 45 करोड़ से ज्यादा के कारोबार की उम्मीद

बिहार के भागलपुर में छठ महापर्व को लेकर उत्साह चरम पर है। शनिवार को शहर के प्रमुख बाजारों में सुबह से ही खरीदारों का सैलाब उमड़ पड़ा, जिससे लोहिया ब्रिज, वैरायटी चौक, मेन मार्केट और पाताल बाबू रोड जैसे इलाकों में पैर रखने की जगह नहीं बची। भीड़ इतनी ज्यादा थी कि पूरे दिन शहर के कई हिस्सों में ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही। व्यापारियों का अनुमान है कि इस बार छठ पूजा के दौरान शहर में कुल कारोबार 45 करोड़ रुपये के पार जा सकता है।

कपड़ों और फलों की कीमतों में बड़ा उछाल

त्योहार के इस मौके पर सबसे ज्यादा चमक कपड़ा बाजार में दिख रही है। चैंबर ऑफ कॉमर्स के पूर्व अध्यक्ष और थोक कपड़ा व्यापारी श्रवण बाजोरिया के मुताबिक, साड़ियों और धोतियों की भारी मांग है। कपड़ा व्यापारियों का अनुमान है कि केवल टेक्सटाइल सेक्टर में ही 10 करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री होगी। व्यापारी कुंजबिहारी झुनझुनवाला ने बताया कि इस सीजन में महिलाओं के बीच लाल, हरे और मजेंटा रंग की साड़ियों का क्रेज सबसे ज्यादा है।

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

वहीं, पूजा सामग्री और फलों के बाजार में भी कीमतों में तेजी आई है। फल विक्रेता आनंदी शर्मा के अनुसार, केले की कीमतों में भारी उछाल आया है, जो दो दिन पहले 25-30 रुपये दर्जन थे और अब 60-70 रुपये तक पहुंच गए हैं। अमरूद 60 रुपये प्रति किलो और सिंघाड़ा 100 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। गन्ने की कमी के कारण इसकी कीमतें सामान्य से लगभग तीन गुना तक बढ़ गई हैं।

पूजा के लिए इस्तेमाल होने वाले सूप और डलिया की मांग भी बढ़ी है। सूप की एक जोड़ी 200 रुपये और डलिया 200 से 300 रुपये के बीच बिक रही है। इसके अलावा, खरना की रस्म के लिए शनिवार सुबह गाय के दूध की मांग इतनी बढ़ी कि दाम 100 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गए, हालांकि शाम होते-होते यह गिरकर 60 रुपये प्रति लीटर पर आ गए।

श्रद्धालु अपनी पूजा की डलियों को सजाने के लिए भी बाजार का रुख कर रहे हैं, जहां 20 से 30 रुपये में डलिया की सजावट की जा रही है। हालांकि, हल्दी, अदरक और पन्याला जैसी सामग्रियों की कीमतें फिलहाल स्थिर बनी हुई हैं।

Share:

Comments

Leave a comment