भागलपुर में छठ महापर्व का आगाज, नहाय-खाय की तैयारियों से गुलजार हुए बाजार और घाट
भागलपुर में छठ महापर्व का आगाज नहाय-खाय के साथ हो रहा है। बाजारों में बढ़ी भीड़ और गंगा घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़।

आस्था और विश्वास का महापर्व छठ भागलपुर में पूरी श्रद्धा के साथ शुरू हो गया है। शुक्रवार से 'नहाय-खाय' की रस्म के साथ इस चार दिवसीय उत्सव की औपचारिक शुरुआत हो रही है। इस मौके पर शहर के गंगा घाटों पर गुरुवार सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने पवित्र स्नान किया और महापर्व के स्वागत की तैयारी की।
त्योहार की रौनक बाजारों में साफ नजर आ रही है। श्रद्धालु पूजा की सामग्री जुटाने के लिए बाजारों की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे बाजारों में भारी भीड़ देखी जा रही है। खासकर कद्दू, कटारनी चावल और अरवा चावल की मांग काफी बढ़ गई है। बाजार में अच्छी क्वालिटी के कद्दू 60 से 120 रुपये प्रति पीस तक बिक रहे हैं, जबकि मशहूर कटारनी चावल की कीमत 120 से 180 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। अन्य अरवा चावल 50 से 80 रुपये प्रति किलो के बीच उपलब्ध हैं।
बाजारों में बढ़ी भीड़, ट्रैफिक से जूझ रहे लोग
पूजा सामग्री की खरीदारी के लिए लोग बड़ी संख्या में बाहर निकले हैं, जिससे शहर के कई हिस्सों में ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई है। अलीगंज, लोहिया पुल, तिलकामांझी और बरारी पुल रोड जैसे व्यस्त इलाकों में वाहनों का भारी दबाव देखा गया। बाजारों में बांस के सूप और डलिया की बिक्री जोरों पर है, जिनकी कीमत 200 से 400 रुपये के बीच है। इसके अलावा गन्ने, आंवला, हल्दी और अदरक के पौधों की भी जमकर खरीदारी हो रही है।
व्यापारियों के अनुसार, मांग बढ़ने के कारण कीमतों में उछाल आया है। गुड़ के व्यापारियों ने बताया कि नया गुड़ बाजार में आ चुका है, जिसमें सूखा गुड़ 80 रुपये और गीला गुड़ 50 से 60 रुपये प्रति किलो बिक रहा है।
धार्मिक परंपराओं की बात करें तो शुक्रवार को गंगा स्नान के बाद श्रद्धालु कद्दू और अरवा चावल का पारंपरिक भोजन तैयार करेंगे। शहर के अदमपुर शिव शक्ति मंदिर में भी विशेष प्रबंध किए गए हैं, जहां पहले भगवान शंकर को भोग लगाया जाएगा और फिर मंदिर कर्मियों में इसका वितरण होगा। मंदिर के महंत अरुण बाबा ने बताया कि यह परंपरा यहां हर साल निभाई जाती है।
अब श्रद्धालुओं का ध्यान आने वाले दिनों की तैयारी पर है। शुक्रवार को खरना के लिए गेहूं की सफाई और उसे सुखाने का काम होगा। शनिवार को खरना के दिन दिनभर का उपवास रखकर मिट्टी के चूल्हे पर बनी खीर, पूरी और फलों का प्रसाद सूर्य देव को अर्पित किया जाएगा। रविवार शाम को डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए श्रद्धालु गंगा और स्थानीय तालाबों में खड़े होंगे और सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ इस महापर्व का समापन होगा।