भागलपुर: 3 साल के मासूम की हत्या का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, प्रेमी-प्रेमिका ने रची थी खौफनाक साजिश

भागलपुर पुलिस ने तीन वर्षीय बालक दिव्यांशु कुमार की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी सुभाष मंडल को अमडंडा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई एसएसपी के निर्देश पर गठित एक विशेष टीम द्वारा की गई, जिसमें नगर पुलिस अधीक्षक, एसडीपीओ नगर-02, नाथनगर थानाध्यक्ष, डीआईयू और एसटीएफ टीम शामिल थी। इस मामले में दो अन्य आरोपी सुलेखा देवी और मुकेश मंडल उर्फ मुलों मंडल को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
घटना की शुरुआत 30 जुलाई को हुई थी जब पंकज कुमार मंडल ने नाथनगर थाना में आवेदन देकर बताया था कि उनके तीन साल के बेटे दिव्यांशु की हत्या कर शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को नामजद कर प्राथमिकी दर्ज की थी। जांच के दौरान पुलिस ने साक्ष्यों और सूचनाओं के आधार पर आरोपियों तक अपनी पहुंच बनाई।
पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी सुभाष मंडल ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि उसका सुलेखा देवी के साथ पिछले दो साल से अवैध संबंध था। सुलेखा देवी और पांचू मंडल के तीन साल के बेटे की मौत किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा कर दी गई थी। जब पांचू मंडल ने इस मौत का आरोप सुभाष पर लगाने की बात कही, तो सुलेखा ने यह बात अपने प्रेमी सुभाष को बता दी।
इसके बाद दोनों ने मिलकर एक साजिश रची। उन्होंने तय किया कि वे पंकज मंडल के बेटे की हत्या कर देंगे और इसका इल्जाम पांचू मंडल पर लगा देंगे, क्योंकि पंकज और पांचू के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इस तरह सुभाष खुद संदेह से बच जाता और पांचू मंडल फंस जाता। योजना के मुताबिक, दोनों ने मासूम दिव्यांशु का दम घोंटकर उसकी हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव को बोरे में भरकर जमुनी नदी के किनारे झाड़ियों में फेंक दिया।