भागलपुर कोर्ट के मुंशी ने पत्नी को पिलाया एसिड, 10 साल की बच्ची ने खोल दी पिता की पोल

Lov Singh24 January 20262 min read29 viewsCity Local
भागलपुर कोर्ट के मुंशी ने पत्नी को पिलाया एसिड, 10 साल की बच्ची ने खोल दी पिता की पोल

भागलपुर के लोदीपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ भागलपुर कोर्ट में मुंशी का काम करने वाले एक व्यक्ति पर अपनी ही पत्नी को तेजाब (Acid) पिलाने का गंभीर आरोप लगा है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और महिला की हालत अभी बहुत नाजुक बनी हुई है।

क्या है पूरा मामला?

यह घटना तहबलपुर गांव की है। पीड़ित महिला का नाम रुखसाना खातून है। आरोप है कि उनके पति मोहम्मद जलाल, जो कोर्ट में मुंशी हैं, ने अपने भाई और पिता के साथ मिलकर रुखसाना को जबरदस्ती एसिड पिला दिया। महिला को गंभीर हालत में भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (JLNMCH) ले जाया गया, जहाँ से डॉक्टरों ने उन्हें रेफर कर दिया है।

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

10 साल की बेटी ने बताई आंखों देखी हकीकत

इस केस में सबसे बड़ा खुलासा पीड़िता की 10 साल की बेटी ने किया है। बच्ची ने बताया कि उसके पिता, चाचा और दादा ने मिलकर उसकी माँ को पकड़ा और मुंह में एसिड डाल दिया। यह सब बच्ची की आंखों के सामने हुआ। वह डरकर वहां से भागी और पास ही स्थित अपने ननिहाल पहुँच गई। वहां उसने अपनी नानी और मामा को पूरी बात बताई, जिसके बाद मायके वाले मौके पर पहुँचे और रुखसाना को अस्पताल ले गए।

शादी के बाद से ही चल रहा था विवाद

रुखसाना की माँ ने बताया कि शादी के करीब 10 साल हो चुके हैं और उनके तीन बच्चे हैं। ससुराल वाले बेटी के जन्म से खुश नहीं थे। आरोप है कि पति और ससुराल वाले रुखसाना पर दबाव बनाते थे कि वह अपनी एक बच्ची को बेच दे या मार दे। जब रुखसाना ने यह अमानवीय बात नहीं मानी, तो उसे जान से मारने की कोशिश की गई।

पुलिस की कार्रवाई पर सवाल

घटना की जानकारी स्थानीय लोदीपुर थाने को दी गई है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस ने अभी तक आरोपियों के खिलाफ कोई सख्त कदम नहीं उठाया है। दूसरी तरफ, डॉक्टरों का कहना है कि एसिड शरीर के अंदर जाने से आंतों को काफी नुकसान पहुंचा है और स्थिति गंभीर है।

Share:

Comments

Leave a comment