भागलपुर में धनतेरस की धूम: बाजारों में 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार

भागलपुर के बाजारों में धनतेरस की जबरदस्त धूम रही, जहां सोने-चांदी से लेकर गाड़ियों तक में 1000 करोड़ रुपये से अधिक की खरीदारी की गई।

Talat Praveen6 November 20262 min read0 viewsCity Local
भागलपुर में धनतेरस की धूम: बाजारों में 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार

त्योहारों के सीजन में भागलपुर के बाजारों ने इस बार कमाई के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। धनतेरस के शुभ अवसर पर शहर में जबरदस्त खरीदारी देखी गई, जिससे कुल कारोबार 1,000 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर गया। बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, घरेलू सामानों से लेकर लग्जरी ज्वेलरी तक, हर सेक्टर में ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ी रही।

सोने-चांदी के बाजार में इस बार एक नया ट्रेंड देखने को मिला। मध्यम वर्गीय परिवारों ने महंगाई के बावजूद खरीदारी जारी रखी, हालांकि उन्होंने भारी गहनों के बजाय हल्के वजन वाले और 14-कैरट व 18-कैरट के गहनों को ज्यादा प्राथमिकता दी। बुलियन मार्केट का कुल टर्नओवर करीब 400 करोड़ रुपये आंका गया है।

ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स में भी दिखा जबरदस्त उछाल

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

सिर्फ गहने ही नहीं, बल्कि गाड़ियों के शोरूम में भी ग्राहकों की लंबी कतारें लगी रहीं। आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार को शहर में 300 से अधिक कारों की डिलीवरी की गई। जहां कुछ लोगों ने 30 लाख रुपये से महंगी लग्जरी कारें खरीदीं, वहीं सबसे ज्यादा मांग 10 लाख रुपये के बजट वाली कारों की रही। इसके अलावा, शाम तक करीब 970 मोटरसाइकिलों की बिक्री दर्ज की गई, जिससे ऑटोमोबाइल सेक्टर का कारोबार भी 400 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।

इलेक्ट्रॉनिक्स स्टोर्स में इस बार पारंपरिक टीवी और फ्रिज के साथ-साथ आधुनिक होम अप्लायन्सेस का क्रेज रहा। ग्राहकों ने ऑटोमैटिक वॉशिंग मशीन, मिक्सर, ओवन और एयर फ्रायर की जमकर खरीदारी की, जबकि स्मार्ट LED टीवी अभी भी पसंदीदा विकल्प बने हुए हैं। इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में करीब 200 करोड़ का कारोबार हुआ।

वहीं, आने वाले छठ महापर्व की तैयारियों के बीच बर्तनों की दुकानों पर भी भीड़ रही। स्टील के बर्तनों के साथ-साथ पीतल के परात, सूप और कठौत की भारी मांग देखी गई। इस सेक्टर का कारोबार 100 करोड़ रुपये रहा। अन्य क्षेत्रों की बात करें तो रियल एस्टेट में 40 करोड़ और फर्नीचर व अन्य सामानों में 50 करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ। वित्तीय विशेषज्ञ प्रदीप झुनझुनवाला ने कहा कि इस बार बाजार का प्रदर्शन उम्मीद से कहीं ज्यादा शानदार रहा है।

Share:

Comments

Leave a comment