भागलपुर DM ने किया नशामुक्ति केंद्र का निरीक्षण, मरीजों से संवेदनशीलता से व्यवहार करने की दी सलाह
भागलपुर DM अलंकृता पांडेय ने चमेलीचक स्थित नशामुक्ति केंद्र का दौरा कर मरीजों की देखभाल और सुविधाओं का जायजा लिया।

भागलपुर की जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने मंगलवार को चमेलीचक स्थित नशामुक्ति केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में भर्ती मरीजों को मिलने वाली चिकित्सा सुविधाओं, इलाज के तरीकों और बुनियादी सुविधाओं की बारीकी से समीक्षा की। डीएम ने स्पष्ट शब्दों में निर्देश दिया कि नशे की लत से जूझ रहे लोगों के साथ बेहद संवेदनशीलता, सम्मान और सहानुभूति के साथ व्यवहार किया जाए, ताकि वे जल्द स्वस्थ होकर समाज की मुख्यधारा में वापस लौट सकें।
मरीजों की सेहत और सुविधाओं पर विशेष जोर
निरीक्षण के समय केंद्र में कुल 15 बिस्तरों की क्षमता में से 6 मरीज भर्ती थे, जबकि रिकॉर्ड के अनुसार पिछले शनिवार को सात मरीजों को डिस्चार्ज किया गया था। यह केंद्र एक महीने का आवासीय उपचार कार्यक्रम चलाता है, जिसमें भागलपुर और कटिहार समेत अन्य जिलों के मरीज भी इलाज के लिए आते हैं। वर्तमान में भर्ती मरीजों में से एक शराब की लत से जूझ रहा है, जबकि पांच अन्य ब्राउन शुगर और अन्य नशीले पदार्थों के आदी हैं।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने केंद्र की साफ-सफाई, वातावरण, पीने के पानी की उपलब्धता और भोजन की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए कि मरीजों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी की जाए और उन्हें समय पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए। डीएम ने चेतावनी दी कि मरीजों की देखभाल या इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सुरक्षा के लिहाज से सेंटर के पेशेंट हॉल में दो सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। स्टाफ ने डीएम को बताया कि ब्राउन शुगर के आदी मरीज इलाज के शुरुआती सात दिनों में अक्सर असामान्य व्यवहार करते हैं, जिसके बाद उनकी स्थिति धीरे-धीरे स्थिर होने लगती है।