भागलपुर में बाढ़ राहत शिविरों के लिए बड़ा आदेश, अब इन सुविधाओं का रखना होगा खास ध्यान

भागलपुर के जिला मजिस्ट्रेट ने बाढ़ से प्रभावित परिवारों के लिए खाने और रहने की व्यवस्था की निगरानी और देखरेख के लिए कई अधिकारियों को नोडल और वरिष्ठ अधिकारी नियुक्त किया है। ये अधिकारी अपने-अपने इलाकों में बाढ़ राहत शिविरों और कम्युनिटी किचन की लगातार जांच करेंगे। जांच के दौरान अधिकारियों को यह पक्का करना होगा कि वहां सभी जरूरी चीजें मौजूद हैं। इसमें वाटरप्रूफ टेंट, छत के पंखे, खाट, गद्दे, चादर, तकिए, कुर्सी, ट्यूब लाइट, हैलोजन-मेटल लाइट, जनरेटर, पानी की टंकी, चापानल, नल का पानी और अस्थायी शौचालय व बाथरूम शामिल हैं। कम्युनिटी किचन के लिए जिला मजिस्ट्रेट ने निर्देश दिया है कि हर किचन में कम से कम 100 डेस्क या बेंच या फिर 100 टेबल, 400 कुर्सी, 500 स्टील की थाली और 500 स्टील के गिलास होने चाहिए। प्रशासन ने पत्तल पर खाना परोसने या लोगों को जमीन पर बैठाकर खाना खिलाने पर रोक लगा दी है। प्लास्टिक या फोम की प्लेट और गिलासों का इस्तेमाल भी पूरी तरह प्रतिबंधित है।