भागलपुर: नाथनगर में बिना लाइसेंस चल रही दवा दुकान पर छापा, भारी मात्रा में एक्सपायर्ड दवाएं जब्त
नाथनगर के मारवाड़ी पट्टी में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बिना लाइसेंस चल रही दवा दुकान पर छापेमारी कर एक्सपायर्ड दवाएं जब्त की हैं।

भागलपुर के नाथनगर इलाके में स्वास्थ्य विभाग की ड्रग कंट्रोल टीम ने एक बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को सीटीएस रोड स्थित मारवाड़ी पट्टी में बिना किसी वैध लाइसेंस के संचालित हो रही एक दवा दुकान पर छापेमारी की गई। इस दौरान टीम को दुकान में नियमों की धज्जियां उड़ती मिलीं, जिसके बाद मौके से भारी मात्रा में दवाएं जब्त कर ली गई हैं।
छापेमारी के दौरान जब ड्रग इंस्पेक्टर ने दुकानदार से लाइसेंस की मांग की, तो वह कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। जांच में पता चला कि दुकान में एलोपैथिक, होम्योपैथिक और पशु चिकित्सा (वेटेरनरी) से जुड़ी कुल 74 तरह की दवाइयां बेची जा रही थीं। हैरान करने वाली बात यह थी कि इनमें से कई अंग्रेजी दवाइयां अपनी एक्सपायरी डेट पार कर चुकी थीं, जिन्हें आम लोगों को बेचा जा रहा था।
कोर्ट में मामला दर्ज करेगी ड्रग कंट्रोल टीम
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे ड्रग इंस्पेक्टर मिलिंद गीड ने बताया कि बिना लाइसेंस के दवाएं बेचना और एक्सपायर्ड दवाओं की बिक्री करना गंभीर अपराध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले को लेकर जल्द ही कोर्ट में केस दर्ज कराया जाएगा। इस छापेमारी टीम में ड्रग इंस्पेक्टर अजय कुमार रसिक और अशोक कुमार के साथ राजा राम मोहन रॉय लालमतिया थाने की पुलिस टीम भी शामिल थी।
स्वास्थ्य विभाग की यह मुहिम शहर में अवैध दवा कारोबार को खत्म करने के लिए जारी है। इससे पहले हुसैनबाद इलाके में भी एक बड़ी कार्रवाई की गई थी, जहां करीब 6.5 लाख रुपये की दवाएं जब्त की गई थीं। विभाग ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे ताकि लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले दवा विक्रेताओं पर लगाम कसी जा सके।