भागलपुर के पतारघाट में दुर्गा पूजा को लेकर बिजली विभाग ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। पतारघाट विद्युत आपूर्ति प्रभाग के कनिष्ठ विद्युत अभियंता स्वराज आनंद ने बताया कि सभी दुर्गा पूजा पंडाल समितियों को अलग से अस्थायी बिजली कनेक्शन लेना अनिवार्य है।
- पंडालों के लिए अस्थायी बिजली कनेक्शन जरूरी
- अवैध तरीके से बिजली चलाने पर होगी कानूनी कार्रवाई
- लोड के हिसाब से तय किया गया है शुल्क
बिजली विभाग ने तीन दिन के अस्थायी कनेक्शन के लिए लोड के आधार पर फीस तय की है। 1 केवीए के लिए 1,878 रुपये, 2 केवीए के लिए 2,806 रुपये, 3 केवीए के लिए 3,734 रुपये, 4 केवीए के लिए 4,662 रुपये और 100 केवीए के लिए लगभग 95,008 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है। इन शुल्कों में ऊर्जा शुल्क, फिक्स चार्ज, सेवा कनेक्शन शुल्क और आवेदन शुल्क शामिल हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि पूजा पंडाल समितियों के लिए सेवा कनेक्शन शुल्क पर जीएसटी नहीं लगेगा।
त्योहार के दौरान बिजली से जुड़ी समस्याओं को तुरंत दूर करने के लिए सभी विद्युत मंडलों में तीन शिफ्टों में कंट्रोल रूम काम करेंगे।
समिति के सदस्यों से आग्रह किया गया है कि वे बिजली के हादसों के जोखिम को कम करने और सुरक्षित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अस्थायी कनेक्शन की प्रक्रिया पूरी करें।