भागलपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा को लेकर शहर के फल बाजारों में रौनक तो बढ़ गई है, लेकिन इस बार त्योहार पर महंगाई का रंग साफ देखने को मिल रहा है। मां दुर्गा की पूजा-अर्चना और कलश स्थापना के लिए फलों की मांग तेजी से बढ़ी है, जिसका सीधा असर इनकी कीमतों पर पड़ा है। स्थानीय फल मंडियों में सामान्य दिनों की तुलना में फलों के दाम 20 से 30 फीसदी तक बढ़ गए हैं।
- विक्रमशिला पुल के पास मार्ग प्रभावित होने तथा हाल ही में आई बाढ़ के कारण माल ढुलाई का खर्च बढ़ा।
- बाहरी राज्यों से आने वाले फलों की आवक पर असर पड़ा और लागत बढ़ गई।
- सेब, केला, नारियल और पानीफल की मांग सबसे अधिक है।
बाजार विश्लेषकों और स्थानीय व्यापारियों के अनुसार, विक्रमशिला पुल के पास मार्ग प्रभावित होने तथा हाल ही में आई बाढ़ के कारण माल ढुलाई का खर्च बढ़ गया है। इसके चलते बाहरी राज्यों से आने वाले फलों की आवक पर असर पड़ा है और लागत बढ़ गई है। पूजा के कारण विशेष रूप से सेब, केला, नारियल और पानीफल की मांग सबसे अधिक है। भागलपुर की विभिन्न मंडियों से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, वर्तमान में फलों के खुदरा भाव सेब 120 – 160 रुपया प्रति किलो, अनार 170 – 200 रुपया प्रति किलो, मौसमी/संतरा 100 – 120 रुपया प्रति किलो, केला 50 – 70 रुपया प्रति दर्जन, नारियल 40 – 60 रुपया प्रति पीस, अमरूद 100 रुपया प्रति किलो और खीरा 60 रुपया प्रति किलो है।
फलों के साथ-साथ उपवास में इस्तेमाल होने वाले ड्राई फ्रूट्स की कीमतों में भी जबरदस्त उछाल आया है। पूजा और उपवास में सबसे ज्यादा मांग मखाना की हो रही है। थोक एवं खुदरा विक्रेताओं के अनुसार, त्योहारों के सीजन में मांग बढ़ने और आपूर्ति सीमित होने के कारण काजू, बादाम और पिस्ता जैसी चीजों के दाम भी पिछले महीने की तुलना में 15 से 20 फीसदी तक तेज हो गए हैं।
फल खरीदने पहुंचे राहुल कुमार ने बताया, नवरात्र में फल अनिवार्य हैं, लेकिन इस बार कीमतें बजट से बाहर जा रही हैं। पिछले साल की तुलना में हर फल महंगा मिल रहा है। वहीं, फल मंडी के एक व्यापारी ने कहा, माल ढुलाई महंगी होने और त्योहार की वजह से पीछे से ही फल महंगे आ रहे हैं। दाम बढ़ने के बावजूद लोग अपनी जरूरत के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं, लेकिन भारी महंगाई के कारण कारोबार पर थोड़ा असर जरूर पड़ा है। आने वाले दिनों में महानवमी और विजयादशमी के मौके पर फलों की मांग और बढ़ने की संभावना है, जिससे कीमतों में फिलहाल कमी आने के आसार नहीं दिख रहे हैं। हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर