भागलपुर: प्रेमी संग रहने की जिद पर बेटी का पिता ने किया प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार
भागलपुर के कहलगांव में एक पिता ने अपनी जीवित बेटी का प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार किया क्योंकि उसने घर लौटने से मना कर दिया था।

बिहार के भागलपुर जिले से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पिता ने अपनी जीवित बेटी का प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार कर दिया। यह घटना कहलगांव के रसलपुर थाना क्षेत्र के छन्नो गांव की है, जहां एक बेटी के घर लौटने से इनकार करने के बाद उसके पिता ने उसे मृत मानकर दुनिया से अपने सारे रिश्ते खत्म कर लिए हैं।
जानकारी के मुताबिक, अनुज पासवान नाम के व्यक्ति ने अपनी बेटी रिमझिम का प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार किया। दरअसल, रिमझिम अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी थी और कई बार परिवार के समझाने के बावजूद घर वापस आने को तैयार नहीं हुई। शनिवार को जब परिवार की सारी कोशिशें नाकाम रहीं, तो पिता और परिजनों ने रिमझिम के पुतले को श्मशान घाट ले जाकर उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
जाति और बेरोजगारी बनी विवाद की मुख्य वजह
बताया जा रहा है कि रिमझिम और उसका प्रेमी एक ही कॉलेज और ट्यूशन में साथ पढ़ते थे, जहां उनके बीच प्रेम संबंध विकसित हुए। हालांकि, परिवार इस रिश्ते के सख्त खिलाफ था क्योंकि युवक दूसरी जाति का है और फिलहाल बेरोजगार है। रिमझिम के परिवार का कहना है कि उन्होंने उसे वापस लाने की पूरी कोशिश की, लेकिन वह अपने प्रेमी को ही अपना पति मान चुकी थी और उसके साथ ही रहना चाहती थी।
हैरानी की बात यह है कि केवल लड़की का परिवार ही नहीं, बल्कि लड़के के परिजन भी इस रिश्ते से खुश नहीं हैं। फिलहाल यह जोड़ा कहां है, इसकी जानकारी न तो परिवार को है और न ही गांव वालों को। परिजनों ने इस मामले में पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है, क्योंकि उनका मानना है कि कानूनी कार्रवाई का कोई फायदा नहीं होगा।