भागलपुर के नाथनगर प्रखंड के एक मध्य विद्यालय में महिला शिक्षिकाओं के साथ हुए दुर्व्यवहार के मामले में शिक्षा विभाग में हलचल तेज हो गई है। महिला शिक्षिकाओं ने प्रधानाध्यापक समेत कुछ पुरुष शिक्षकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं जिसमें अशोभनीय व्यवहार, अभद्र टिप्पणी, अनुचित इशारे और मानसिक उत्पीड़न शामिल हैं। शिक्षिकाओं का कहना है कि इन हरकतों से विद्यालय का शैक्षणिक माहौल खराब हुआ है और उन्हें भारी मानसिक परेशानी हो रही है।
इस मामले की शिकायत सबसे पहले 17 सितंबर को सरकार के सहयोग पोर्टल पर दर्ज कराई गई थी जिसके बाद यह मामला अधिकारियों के संज्ञान में आया। जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय ने 22 सितंबर को जांच के कड़े निर्देश जारी किए।
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी नाथनगर को मामले की जिम्मेदारी सौंपी गई है जिन्हें विद्यालय का दौरा कर आरोपों की गहन पड़ताल करने और जल्द से जल्द रिपोर्ट कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा गया है।
पीड़ित महिला शिक्षिकाओं ने विभागीय स्तर के साथ जिला प्रशासन के समक्ष भी लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
शिक्षिकाओं का कहना है कि शिक्षण संस्थान में महिलाओं के लिए सुरक्षित माहौल होना चाहिए और आरोपियों पर जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई की जाए।