भागलपुर में दिनदहाड़े दहशत: शांति समिति सदस्य और मुखिया प्रतिनिधि के सामने बदमाशों ने की हवाई फायरिंग
भागलपुर के मधुसुदनपुर में बदमाशों ने शांति समिति सदस्य और मुखिया प्रतिनिधि के सामने की फायरिंग, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात।

बिहार के भागलपुर जिले में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे सरेआम हथियार लहराने और फायरिंग करने से नहीं कतरा रहे हैं। ताजा मामला मधुसुदनपुर थाना क्षेत्र का है, जहां शुक्रवार की सुबह हथियारबंद बदमाशों ने बीच सड़क पर हवाई फायरिंग कर पूरे इलाके को दहला दिया। इस घटना ने स्थानीय लोगों के बीच डर का माहौल पैदा कर दिया है।
पूरी घटना रामपुर खुर्द स्थित ब्राह्मण टोला के पास की है। जानकारी के मुताबिक, जिला शांति समिति के सदस्य संजय कुमार यादव सुबह करीब 10:30 बजे अपनी तेल मिल के मिस्त्री को बुलाने गए थे। जब वे वहां से लौट रहे थे, तब करीब 10:45 बजे एक किराना दुकान के पास उनकी मुलाकात बेलखोरिया पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि ब्रजेश कुमार से हुई। दोनों सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत कर ही रहे थे कि तभी मुसहरी की दिशा से एक तेज रफ्तार बुलेट बाइक पर तीन युवक सवार होकर पहुंचे।
जैसे ही बाइक सवार बदमाशों ने दोनों को देखा, उनमें से दो ने अपनी कमर से हथियार निकाले और ताबड़तोड़ दो राउंड हवाई फायरिंग कर दी। फायरिंग के साथ ही बदमाशों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और धमकी दी कि अगर किसी ने कुछ बोला तो उन्हें गोली मार दी जाएगी। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों हमलावर मौके से तेजी से फरार हो गए।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, पुलिस जांच में जुटी
राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना के समय वहां एक सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ था, जिसमें बदमाशों की यह करतूत पूरी तरह रिकॉर्ड हो गई है। प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित संजय कुमार यादव ने बताया कि यह सब इतनी तेजी से हुआ कि उन्हें संभलने का मौका ही नहीं मिला।
फिलहाल, इस फायरिंग के पीछे की असल वजह क्या थी, यह अभी साफ नहीं हो पाया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।