भागलपुर के बाजारों में मिला-जुला असर: सोने-चांदी के दाम गिरे, लेकिन कुकिंग ऑयल ने बढ़ाई टेंशन

भागलपुर के बाजारों में मिला-जुला असर; सोने-चांदी के दाम गिरे लेकिन कुकिंग ऑयल की कीमतों ने बढ़ाई आम जनता की चिंता।

SHRUTI KUMARI26 November 20262 min read0 viewsBusiness
भागलपुर के बाजारों में मिला-जुला असर: सोने-चांदी के दाम गिरे, लेकिन कुकिंग ऑयल ने बढ़ाई टेंशन

भागलपुर के स्थानीय बाजारों में इन दिनों कीमतों का अजीब खेल देखने को मिल रहा है। जहाँ एक तरफ बुलियन मार्केट में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट से खरीदारों को राहत मिली है, वहीं दूसरी तरफ रसोई के बजट को बिगाड़ते हुए कुकिंग ऑयल (खाद्य तेल) की कीमतें आसमान छू रही हैं। दालों और अनाज के दाम फिलहाल स्थिर बने हुए हैं, लेकिन तेल की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी की जेब पर सीधा असर डाला है।

अगर बुलियन मार्केट की बात करें, तो पिछले एक महीने में सोने और चांदी की कीमतों में काफी उतार-चढ़ाव देखा गया है। 24 कैरेट सोने की कीमत 1.275 लाख रुपये से गिरकर अब 1.25 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है, जबकि 22 कैरेट सोना 1.18 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है। चांदी की बात करें तो इसकी कीमत में करीब 2,000 रुपये की कमी आई है और अब यह 1.55 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर है।

रसोई बजट पर भारी पड़ता खाद्य तेल का दाम

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

बाजार में सबसे ज्यादा चिंता की बात कुकिंग ऑयल की बढ़ती कीमतें हैं। उदाहरण के तौर पर, मंगल सरसों तेल का 15 किलो का पैकेट जो तीन महीने पहले 2475 रुपये में मिलता था, वह पहले 2800 रुपये और अब बढ़कर 3640 रुपये तक पहुँच गया है। यानी महज कुछ महीनों में इसकी कीमत में करीब 1165 रुपये का इजाफा हो गया है। इसी तरह कलश सरसों तेल का 15 किलो का पैकेट 3670 रुपये में बिक रहा है। रिफाइंड पाम ऑयल (13 लीटर) 2250 रुपये और भोजन वनस्पति (15 किलो) 2230 रुपये के भाव पर उपलब्ध है।

वहीं, अन्य खाद्य सामग्रियों की बात करें तो चीनी की कीमतों में थोड़ी राहत मिली है। 50 किलो का पैकेट जो 3200 रुपये तक पहुँच गया था, अब 3000 रुपये में मिल रहा है। अनाज और दालों के दाम फिलहाल स्थिर हैं। चना और मसूर दाल 72 रुपये, अरहर दाल 120 से 130 रुपये, मूंग दाल 98 रुपये और कलाई दाल 105 से 115 रुपये प्रति किलो बिक रही है। आटा 35 रुपये प्रति किलो है, जबकि कटारानी चावल की गुणवत्ता के आधार पर कीमत 80 से 160 रुपये के बीच है। स्वर्ण चावल 40 रुपये और कटारानी चूड़ा 110 से 130 रुपये प्रति किलो के भाव पर मिल रहा है।

स्थानीय व्यापारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में शादी-ब्याह के सीजन और बाजार में सप्लाई की स्थिति के आधार पर कीमतों में फिर बदलाव आ सकता है। आशंका जताई जा रही है कि मांग बढ़ने पर कुछ खास उत्पादों की कीमतें काफी अधिक बढ़ सकती हैं।

Share:

Comments

Leave a comment