भागलपुर में गंगा का खौफनाक कटाव, 300 मीटर रेलवे बांध ध्वस्त

बिहार के भागलपुर जिले के खरीक प्रखंड अंतर्गत राघोपुर में शुक्रवार की रात एक बड़ा हादसा हो गया, जहां उफनती गंगा नदी के भीषण कटाव के कारण ब्रह्म बाबा स्थान के पास रेलवे बांध पूरी तरह ध्वस्त हो गया। हनुमान मंदिर से लेकर ब्रह्म बाबा स्थान तक करीब 300 मीटर के दायरे में बांध ताश के पत्तों की तरह ढह गया, जिससे आसपास के ग्रामीण इलाकों में अचानक हड़कंप और अफरा-तफरी मच गई। घटना शुक्रवार देर रात की है, जब अचानक मिट्टी धंसने की खौफनाक आवाज के साथ बांध का एक विशाल हिस्सा गंगा नदी की तेज धारा में विलीन हो गया। संभावित बाढ़ और तबाही के खतरे को देखते हुए शंकरपुर और अलालपुर गांव के लोग आधी रात को ही अपने घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। नदी का पानी अब सीधे रेलवे लाइन और तटबंध के निचले हिस्सों से टकरा रहा है, जिससे रेल परिचालन और स्थानीय आबादी पर गंभीर संकट मंडरा रहा है। कई पक्के मकान और झोपड़ियां भी इस भीषण कटाव की चपेट में आकर नदी में समा गई हैं।