भागलपुर के बियाडा गंगा घाट पर विक्रमशिला सेतु की मरम्मत के दौरान चलाई जा रही विशेष जहाज सेवा में बड़ी लापरवाही सामने आई है। अधिक यात्री बैठाकर पैसा कमाने की होड़ और टाइम टेबल को लेकर दो ठेकेदारों के बीच विवाद हो गया और बियाडा घाट के रैंप पर दो जहाजों के बीच सीधी टक्कर हो गई। टक्कर से जहाजों पर सवार सैकड़ों यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही कि जहाजों का पिछला हिस्सा टकराया और बड़ा हादसा टल गया तथा सभी यात्री सुरक्षित हैं। विक्रमशिला सेतु की मरम्मत के कारण पुल पर वाहनों का आवागमन ठप्प है और जनता की सुविधा के लिए जिला प्रशासन व सरकार ने बियाडा गंगा घाट से विशेष जहाजों का परिचालन शुरू कराया था।
ठेकेदारों की आपसी गुटबाजी और कमाई की होड़ ने यात्रियों की जान को जोखिम में डाला है। पटना से मंगाए गए सरकारी जहाज एम.वी. स्वामी परमहंस पर यात्री सवार हो रहे थे तभी समय सारणी के विवाद को लेकर संवेदक शेखर के जहाज ने स्वामी परमहंस के पिछले हिस्से में टक्कर मार दी।
टक्कर के समय दोनों जहाजों पर यात्री सवार थे। जहाज इंचार्ज तारिक उमर ने बताया कि समय सारणी को लेकर विवाद चल रहा है और पैसा कमाने के लिए नियमों को ताक पर रखा जा रहा है जिससे यह घटना घटी और मामले की जानकारी प्रशासन को दे दी गई है।
इस घटना के बाद घाट पर सफर करने वाले यात्रियों में डर का माहौल है।
स्थानीय लोगों और यात्रियों ने मांग की है कि प्रशासन तुरंत हस्तक्षेप करे और दोनों संवेदकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए जहाजों के परिचालन के लिए पारदर्शी और सुरक्षित टाइम टेबल सुनिश्चित करे ताकि भविष्य में बड़े हादसे को रोका जा सके।