ड्यूटी से सालों तक गायब रहने वाले भागलपुर के 4 सरकारी डॉक्टर बर्खास्त

ड्यूटी से सालों तक गायब रहने वाले भागलपुर के चार सरकारी डॉक्टरों को राज्य सरकार ने सेवा से बर्खास्त कर दिया है। पढ़ें पूरी खबर।

Talat Praveen26 November 20262 min read0 viewsCity Local
ड्यूटी से सालों तक गायब रहने वाले भागलपुर के 4 सरकारी डॉक्टर बर्खास्त

सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बरतने और बिना बताए ड्यूटी से गायब रहने वाले डॉक्टरों के खिलाफ बिहार सरकार ने अब तक की सबसे कड़ी कार्रवाई की है। भागलपुर जिले के चार सरकारी डॉक्टरों को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में इस प्रस्ताव पर अंतिम मुहर लगा दी गई, जिसके बाद जिले के स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है।

हैरानी की बात यह है कि ये चारों डॉक्टर साल 2020 और 2021 से ही अपने कार्यस्थल से गायब थे। इनमें भागलपुर सदर अस्पताल के दो विशेषज्ञ डॉक्टर और प्रखंड स्तर के दो सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग ने जब जांच की, तो पाया कि ये चिकित्सक बिना किसी पूर्व सूचना या अनुमति के लंबे समय से अनुपस्थित थे।

नोटिस के बाद भी नहीं दिया जवाब

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

विभाग ने इन डॉक्टरों को सुधार का पूरा मौका दिया था। नवंबर 2023 में इनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही शुरू की गई और कारण बताओ नोटिस भेजा गया। जून 2024 में दोबारा स्मार पत्र जारी कर जवाब मांगा गया, लेकिन किसी ने भी प्रतिक्रिया नहीं दी। अंत में दिसंबर 2025 में समाचार पत्रों के जरिए आम सूचना प्रकाशित कर अपना पक्ष रखने को कहा गया, फिर भी कोई डॉक्टर सामने नहीं आया। इसके बाद बिहार लोक सेवा आयोग की सहमति से बर्खास्तगी का प्रस्ताव कैबिनेट को भेजा गया।

जिन डॉक्टरों की नौकरी गई है, उनके नाम इस प्रकार हैं:

  • डॉ. राकेश कुमार निराला (ईएनटी विशेषज्ञ, सदर अस्पताल, भागलपुर)
  • डॉ. गोपीनाथ भगत (स्त्री रोग विशेषज्ञ, सदर अस्पताल, भागलपुर)
  • डॉ. अमित कुमार (चिकित्सा पदाधिकारी, एपीएचसी ममलखा, सबौर)
  • डॉ. सुमित कुमार (चिकित्सा पदाधिकारी, एपीएचसी सजौर, शाहकुंड)

स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कड़े शब्दों में कहा है कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों के इलाज में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गौरतलब है कि पूरे राज्य में कुल 11 लापरवाह डॉक्टरों को बर्खास्त किया गया है, जिनमें से अकेले भागलपुर के चार डॉक्टरों पर यह गाज गिरी है।

Share:

Comments

Leave a comment