भागलपुर में खुली विकास की पोल, बदहाल सड़क पर ग्रामीण खुद बिछा रहे ईंटें

MyBhagalpur Team3 September 20262 min read24 viewsCity Local
भागलपुर में खुली विकास की पोल, बदहाल सड़क पर ग्रामीण खुद बिछा रहे ईंटें

भागलपुर, 03 सितंबर (हि.स.)। जिले के हबीबपुर नगर पंचायत के वार्ड नंबर 2 स्थित करोड़ी बाजार से विकास के बड़े-बड़े दावों को आईना दिखाती एक बेहद चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। यहां सड़क और रास्ते की बदहाली से तंग आकर अब स्थानीय ग्रामीण खुद ही ईंटों के टुकड़े जोड़कर रास्ता बनाने को मजबूर हैं।

करोड़ी बाजार में सड़क की बदहाली

करोड़ी बाजार में रास्ते की हालत इस कदर खराब हो चुकी है कि लोगों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है। हाल ही में हुई बारिश के बाद पूरी सड़क कीचड़ और जलजमाव के तालाब में तब्दील हो गई है, जिससे इलाके में संक्रामक बीमारियों का खतरा तेजी से मंडराने लगा है। आए दिन स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की बेरुखी से नाराज होकर ग्रामीणों ने अब आत्मनिर्भर रास्ता तैयार करने का फैसला किया है। ग्रामीण खुद ईंट के टुकड़े चुनकर जगह-जगह बिछा रहे हैं, ताकि कम से कम पैदल चलने लायक रास्ता बन सके।

ग्रामीणों का श्रमदान और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता

स्थानीय ग्रामीण मोहम्मद आजाद, मोहम्मद साबिर और बीबी अंगूरी जैसे लोग खुद हाथों में ईंटें लेकर सड़क की मरम्मत में जुटे हैं। ग्रामीणों का यह कदम सीधे तौर पर नगर पंचायत के जनप्रतिनिधियों को उनकी जिम्मेदारियों का अहसास दिला रहा है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार मुख्य पार्षद और वार्ड सदस्य से लिखित और मौखिक शिकायतें की गईं। हर बार जल्द समाधान का आश्वासन तो मिला, लेकिन जमीनी स्तर पर काम के नाम पर शून्य दिखाई दे रहा है

स्कूली बच्चों और बुजुर्गों की परेशानी

ग्रामीणों के अनुसार, इस बदहाल रोड से गुजरने में सबसे ज्यादा परेशानी छोटे-छोटे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को हो रही है। कीचड़ और गड्ढों के कारण आए दिन लोग फिसलकर गिर रहे हैं और दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। शासन-प्रशासन के इस रवैए से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस सड़क का पक्का निर्माण नहीं कराया गया, तो वे जनप्रतिनिधियों के खिलाफ एक बड़े आंदोलन को विवश होंगे

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment