भागलपुर-हंसडीहा मार्ग पर बड़ा खतरा! भलजोर पुल में दरार

भागलपुर और हंसडीहा मार्ग पर बने 70 साल पुराने भलजोर पुल के मुख्य गर्डर में गहरी दरारें आ गईं हैं। इसे देखते हुए नेशनल हाईवे प्रशासन ने इस पुल पर भारी वाहनों के आने-जाने पर रोक लगा दी है। यह पुल सुखानिया नदी पर बना है और बिहार, झारखंड तथा पश्चिम बंगाल को जोड़ने वाला एक मुख्य रास्ता है। अब यह पुल खतरनाक हो गया है और इसके गिरने का बहुत खतरा है। नई ट्रैफिक व्यवस्था के तहत ट्रक, ट्रेलर और भारी बसों जैसे भारी वाहनों का चलना बंद कर दिया गया है। एक हफ्ते के अंदर पुल के दोनों तरफ मजबूत लोहे के बैरियर लगाए जाएंगे ताकि इस नियम का सख्ती से पालन हो सके। कार, मोटरसाइकिल और ऑटो जैसे हल्के वाहन इस पुल से चल सकेंगे। भारी माल वाहनों को गोड्डा-पंजवारा रूट या हंसडीहा-महागामा हाईवे से डायवर्ट किया गया है। इस डायवर्जन के कारण वाहनों को 30 से 35 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है, जिससे डीजल-पेट्रोल की खपत और यात्रा का समय दोनों बढ़ गए हैं। इन पाबंदियों से माल ढुलाई और यात्री परिवहन के खर्च पर बहुत असर पड़ने की उम्मीद है।