दुर्गा पूजा पर बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब पकड़ने के लिए भागलपुर में ताबड़तोड़ जांच

MyBhagalpur Team29 September 20261 min read1 viewCity Local
दुर्गा पूजा पर बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब पकड़ने के लिए भागलपुर में ताबड़तोड़ जांच

दुर्गा पूजा को लेकर भागलपुर जिले में अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग ने निगरानी और जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में मंगलवार को बाईपास थाना क्षेत्र के टुट्टा पुल के समीप उत्पाद विभाग की टीम ने सघन वाहन जांच अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व उत्पाद निरीक्षक गौतम कुमार ने किया। जांच अभियान के दौरान टुट्टा पुल से होकर गुजरने वाले दोपहिया, चारपहिया समेत छोटे-बड़े वाहनों को रोककर गहन तलाशी ली गई।

वाहन की ली गई तलाशी

उत्पाद विभाग की टीम ने विशेष रूप से इस बात की जांच की कि कहीं वाहनों के जरिए अवैध शराब का परिवहन तो नहीं किया जा रहा है। टीम ने बाइक की डिक्की से लेकर पिकअप वैन तक की तलाशी ली। जांच के दौरान संदिग्ध वाहनों और उनके सामान को भी बारीकी से खंगाला गया। अचानक चलाए गए इस अभियान से वाहन चालकों में भी सतर्कता देखी गई।

अधिकारियों का बयान

उत्पाद निरीक्षक गौतम कुमार ने बताया कि दुर्गा पूजा को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर जिलेभर में अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत टुट्टा पुल के पास वाहनों की जांच की गई। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान अवैध शराब के कारोबार और परिवहन पर रोक लगाने के लिए उत्पाद विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उत्पाद विभाग की टीम ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान शराब की अवैध बिक्री, भंडारण और परिवहन पर विशेष नजर रखी जा रही है। जिले के विभिन्न इलाकों में इसी तरह के जांच अभियान आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment