जीवतपुत्रिका व्रत पर भारी उछाल, भागलपुर में सब्जियों और मिठाइयों के दाम आसमान पर

भागलपुर में बच्चों की लंबी उम्र और सुख-सुविधा के लिए मनाए जाने वाले बड़े त्योहार 'जिउतिया' (जीवितपुत्रिका व्रत) की तैयारियां जोरों पर हैं। शुक्रवार को 'नहाय-खाय' का अनुष्ठान तय है, जिसमें गंगा घाटों पर स्नान के लिए महिलाओं की भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है। इसके बाद शनिवार को कड़ा निर्जला उपवास और पूजा होगी। गुरुवार को भागलपुर के बाजारों में सामान्य दिनों की तुलना में पांच गुना ज्यादा खरीदारी दर्ज की गई। सुबह से लेकर देर रात तक पूजा-पाठ के सामान, जितामना धागे, खाजा-खैजी और मौसमी सब्जियों की मांग बनी रही। शहर के मुख्य थोक और खुदरा सब्जी बाजार गिरधारी साह हाट में गंगा के जलस्तर में हालिया वृद्धि के कारण हुई आपूर्ति की कमी के कारण कीमतें दो से तीन गुना तक बढ़ गई हैं। सब्जी विक्रेता मुन्ना प्रसाद ने बताया कि त्योहार में काम आने वाली सब्जियों के खुदरा भाव रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए हैं। खमरुआ और झिंगली (तुरai) 50-60 रुपये प्रति पाव (200 रुपये/किलो), भाटा (गोल बैंगन) 100 रुपये/किलो, कछू 50 रुपये/किलो, छोटी ककोरी 150 रुपये/किलो, सादा बैंगन 60 रुपये/किलो, भिंडी 40-50 रुपये/किलो, हरी मिर्च 80-100 रुपये/किलो, धनिया पत्ता 200-300 रुपये/किलो, टमाटर 50-60 रुपये/किलो, लाल साग 60-70 रुपये/किलो, परवल 70 रुपये/किलो, बोडा 60 रुपये/किलो, फूलगोभी 40-80 रुपये प्रति पीस, बंदगोभी 50 रुपये/किलो और खीरा 80-100 रुपये/किलो बिक रहा है। इसके अलावा नोनी साग 10-15 रुपये प्रति पाव और झिंगली के पत्ते 1-2 रुपये प्रति पीस बिक रहे हैं। फलों के दाम भी औसतन 10 से 20 रुपये प्रति किलो बढ़ गए हैं, जिसमें सेब 100-120 रुपये/किलो और खीरा 80-100 रुपये/किलो बिक रहा है।