भागलपुर: काली पूजा मेले में दर्दनाक हादसा, जनरेटर में बाल फंसने से महिला की मौत
भागलपुर के काली पूजा मेले में जनरेटर में बाल फंसने से एक महिला की मौत हो गई। परिवार ने सुरक्षा इंतजामों पर उठाए सवाल।

बिहार के भागलपुर में काली पूजा मेले की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब एक हृदयविदारक हादसे में एक महिला की जान चली गई। यह घटना एसएम कॉलेज जाने वाले रास्ते पर बजरंगबली स्थान के पास हुई, जहां मेले की भीड़ के बीच एक महिला के बाल चलते हुए जनरेटर में फंस गए। इस भीषण हादसे के बाद अस्पताल में इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान बांका जिले के बौंसी निवासी रीना देवी के रूप में हुई है। वह अपनी छोटी बहन रूपा के साथ मेले में घूमने आई थीं। रात करीब 8:30 बजे अचानक उनके बाल जनरेटर की मशीन में उलझ गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए मायागंज अस्पताल ले जाया गया।
परिवार में मचा कोहराम, सुरक्षा पर उठे सवाल
परिजनों के अनुसार, हादसे की खबर उन्हें रात करीब 12 बजे मिली, जिसके बाद वे अस्पताल पहुंचे। पूरी रात डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन गुरुवार सुबह 9 से 10 बजे के बीच रीना देवी ने दुनिया को अलविदा कह दिया।
इस हादसे ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है। रीना देवी के पति ने उन्हें छोड़ दिया था, जिसके बाद वह घरेलू सहायिका के रूप में काम कर अपने तीन बच्चों का पालन-पोषण कर रही थीं। अब उनके बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है।
पीड़ित परिवार के सदस्य टुंटुन पासवान ने मेले की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह जनरेटर किसका था और क्या वहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं। मेले में इस तरह की लापरवाही किसी की जान ले सकती है, जिसे लेकर अब जांच की मांग की जा रही है।